पाकुड़ जिले के महेशपुर की कस्तूरी ने रचा इतिहास, बनीं ‘मिस नॉर्थ इंडिया 2026’
कनक कस्तूरी मिस नॉर्थ इंडिया 2026 का ताज पहनाते शो के जज | Prabhat Khabar Network
झारखंड की 22 वर्षीय कस्तूरी कनक ने 'मिस नॉर्थ इंडिया 2026' का ताज जीतकर अपने राज्य का नाम रोशन किया है. उन्होंने अपनी परीक्षा के दिन ही देहरादून जाकर यह खिताब अपने नाम किया. यह उनकी मेहनत और आत्मविश्वास की जीत है.
महेशपुर : रोलाग्राम-बलियापतरा गांव की 22 वर्षीय कस्तूरी कनक ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर पूरे झारखंड का नाम रोशन किया है. देहरादून में छह सितंबर 2026 को आयोजित विशेष कार्यक्रम में कस्तूरी कनक को ‘मिस नॉर्थ इंडिया 2026’ के खिताब से नवाजा गया. उन्हें ‘मिस नॉर्थ इंडिया 2026–ब्रांड एम्बेसडर’ के रूप में भी सम्मानित किया गया. कस्तूरी की सफलता की कहानी इसलिए भी खास है, क्योंकि उन्होंने अपने इस सपने को पूरा करने के लिए देहरादून जाने की बात माता-पिता तक से छिपायी. उनके पिता अक्सर उनसे कहते थे कि ‘जो करना है, उसे पहले किसी को मत बताओ, जब तक वह पूरा न हो जाए.’ पिता की इसी सीख को कस्तूरी ने अपने जीवन में उतारा और अपने सपने के पूरा होने तक उसे राज ही रखा.
एक तरफ परीक्षा, दूसरी ओर सपने का मंच
कस्तूरी ने बताया कि छह सितंबर को देहरादून में शो था. इसी दिन उनका ऑनलाइन एग्जाम भी था, जो दोपहर एक बजे तक चलना था, जबकि कार्यक्रम सुबह 11 बजे से निर्धारित था. परीक्षा और अपने सपने के बीच तालमेल बैठाते हुए उन्होंने भाई हिमप्रीत हनी के साथ देहरादून जाने का फैसला किया. देहरादून जाते समय ट्रेन में पिता का फोन भी आया. उस वक्त कस्तूरी ने मजाक में कह दिया कि “24 घंटे के लिए एयरटेल का नेटवर्क डिस्टर्ब है.” पिता को अंदाजा भी नहीं था कि बेटी उस समय सैकड़ों किलोमीटर दूर अपने सपने को पूरा करने जा रही है.
भाई बना सबसे बड़ा सहारा
कस्तूरी के इस सफर में उनके भाई हिमप्रीत हनी ने अहम भूमिका निभायी. दोनों देहरादून पहुंचे और कस्तूरी ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया. कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास के साथ उन्होंने ‘मिस नॉर्थ इंडिया 2026’ का खिताब अपने नाम कर लिया. इसके बाद वह अपने भाई के साथ घर लौट आयीं.
अखबार में तस्वीर देखकर माता-पिता को मिली जानकारी
कस्तूरी ने कहा, “मैंने अपने पापा की वही बात याद रखी थी कि जो करना है, पहले किसी को मत बताओ. इसलिए मैंने उन्हें भी नहीं बताया कि मैं देहरादून क्यों जा रही हूं. जब उन्हें अखबार से पता चला कि मैं देहरादून जाकर मिस नॉर्थ इंडिया का खिताब जीतकर आयी हूं, तो मेरे लिए इससे खूबसूरत पल कोई नहीं हो सकता.”
पढ़ाई में भी रही अव्वल
कस्तूरी ने शिक्षा के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बनायी है. उन्होंने वर्ष 2024 में वसंत कॉलेज फॉर वोमेन, बीएचयू से अंग्रेजी में स्नातक की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद वर्ष 2026 में आर्या महिला पीजी कॉलेज, बीएचयू से अंग्रेजी में मास्टर डिग्री हासिल की. शिक्षा के साथ मॉडलिंग और फैशन में रुचि रखने वाली कस्तूरी ने अपने हुनर को मंच पर साबित किया. उनके लिए यह खिताब केवल सौंदर्य प्रतियोगिता की जीत नहीं, बल्कि अपने सपनों पर विश्वास और लगातार मेहनत की सफलता है.
परिवार में खुशी का माहौल
कस्तूरी अपने माता-पिता गंगा राम ठाकुर और हेमा प्रसाद को अपनी सफलता का महत्वपूर्ण आधार मानती हैं. वहीं, भाई हिमप्रीत हनी के सहयोग को वह विशेष रूप से याद करती हैं. देहरादून जाने से लेकर प्रतियोगिता में हिस्सा लेने और खिताब जीतने तक भाई ने उनका हौसला बढ़ाया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए