जियो नेटवर्क बंद पड़ा तो सड़क पर उतरे ग्रामीण, चक्का जाम कर जताया विरोध
जियो मिनी टावर में नेटवर्क की समस्या को लेकर सड़क पर चक्का जाम करते ग्रामीण | Prabhat Khabar Network
15-20 दिन से जियो मिनी टावर बंद! पाकुड़िया के ग्रामीणों ने मोबाइल, पढ़ाई, काम बाधित होने पर लगाया चक्का जाम, 5G की भी मांग.
पाकुड़िया : प्रखंड क्षेत्र के महोलीगाईपाथर (बगजोबड़ा) गांव में जियो मिनी टावर का नेटवर्क पिछले करीब 15-20 दिनों से बंद रहने से नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार की सुबह करीब छह बजे सड़क पर चक्का जाम कर दिया. ग्रामीणों का कहना था कि गांव में लगे जियो मिनी टावर से केवल 4जी नेटवर्क की सुविधा मिलती है. इसके लंबे समय से बंद रहने के कारण मोबाइल फोन से बातचीत, ऑनलाइन काम, पढ़ाई समेत अन्य जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे थे.
आपके शहर में

नेटवर्क बहाली की मांग पर जुटे ग्रामीण
चक्का जाम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर जुट गये और नेटवर्क सेवा जल्द बहाल करने की मांग करने लगे. सूचना मिलने पर पाकुड़िया थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने एसआइ कैला उरांव को मौके पर भेजा. पुलिस पदाधिकारी ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाया.
तकनीशियन को बुलाकर दुरुस्त करने का निर्देश
पुलिस ने टावर में कार्यरत तकनीशियन से संपर्क कर उसे मौके पर बुलाया. तकनीशियन को नेटवर्क सेवा तत्काल दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया. पुलिस एवं तकनीशियन के आश्वासन के बाद करीब आठ बजे ग्रामीणों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया.
यातायात पर ज्यादा असर नहीं
सुबह का समय होने के कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही कम थी. इस वजह से चक्का जाम का यातायात पर ज्यादा असर नहीं पड़ा.
5जी नेटवर्क की भी मांग
ग्रामीणों ने कहा कि अब केवल 4जी नेटवर्क से काम नहीं चलेगा. गांव में 5जी नेटवर्क की सुविधा भी उपलब्ध करायी जानी चाहिए. ग्रामीणों के अनुसार मिनी टावर गांव की बिजली आपूर्ति पर निर्भर है. बिजली कटने पर टावर को संचालित रखने के लिए पर्याप्त वैकल्पिक व्यवस्था नहीं है, जिससे नेटवर्क सेवा बार-बार प्रभावित होती है.
दोबारा आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि नेटवर्क की रेंज में सुधार और बिजली की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए