जन्माष्टमी पर जगमगाएगा पाकुड़, इस्कॉन में दिनभर कृष्ण भक्ति; आधी रात होगी महाआरती
जन्माष्टमी को लेकर सजाया गया इस्कॉन मंदिर | Prabhat Khabar Network
पाकुड़ में कृष्ण जन्माष्टमी की धूम! इस्कॉन मंदिर समेत सभी मंदिरों में आकर्षक सजावट, दिनभर होंगे विशेष धार्मिक कार्यक्रम और मध्य रात्रि महाआरती.
प्रतिनिधि, पाकुड़.जिला मुख्यालय समेत प्रखंड मुख्यालयों में कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर उत्साह का माहौल है. शहर के कालीभषाण स्थित इस्कॉन मंदिर, दूधनाथ मंदिर, शीतला मंदिर, वृंदावन मार्केट समेत अन्य मंदिरों को जन्माष्टमी के अवसर पर आकर्षक ढंग से सजाया गया है. मंदिर परिसरों में रंग-बिरंगी रोशनी की व्यवस्था की गई है, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. जन्माष्टमी को लेकर मंदिर समितियों की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
आपके शहर में
इस्कॉन मंदिर में दिनभर होंगे धार्मिक कार्यक्रम
इस्कॉन मंदिर के जनरल मैनेजर सत्यवाहक गुरदास दास ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी कृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई जाएगी. मंदिर के रंग-रोगन और सजावट का काम पूरा कर लिया गया है.
उन्होंने बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर दिनभर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः मंगल आरती से होगी. इसके बाद दर्शन आरती, गुरु पूजा, भागवत क्लास, कीर्तन मेला, राजभोग आरती, तुलसी आरती, संध्या आरती, कृष्ण कथा, भजन-कीर्तन, नृत्य, महा अभिषेक और मध्य रात्रि आरती का आयोजन होगा.
कार्यक्रम के समापन के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा.
5 सितंबर को भी होगा विशेष आयोजन
जन्माष्टमी के अगले दिन 5 सितंबर को भी इस्कॉन मंदिर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इस दौरान भजन-कीर्तन, श्रील प्रभुपाद अभिषेक, पुष्पांजलि और भोग आरती का आयोजन होगा. इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया जाएगा.
यह भी पढ़ें:
मजदूरी के लिए ट्रेन पकड़ने पहुंचे 20 नाबालिग, जसीडीह स्टेशन पर RPF ने किया रेस्क्यू
अन्य मंदिरों में भी विशेष पूजा की तैयारी
इस्कॉन मंदिर के अलावा दूधनाथ मंदिर, शीतला मंदिर समेत शहर के अन्य मंदिरों में भी जन्माष्टमी को लेकर विशेष पूजा-अर्चना और झूलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. इसे देखते हुए मंदिर समितियों की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं.

सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट
पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन भी सक्रिय है. नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं.
इस्कॉन मंदिर समेत अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती रहेगी. पुलिस प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि किसी प्रकार की परेशानी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल स्थानीय थाना को सूचना दें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए