मोबाइल एप से दर्ज होगी खेत और फसल की जानकारी, डिजिटल क्रॉप सर्वे शुरू
बैठक में मौजूद ग्राम प्रधान व अधिकारी | Prabhat Khabar Network
फसल की सटीक जानकारी के लिए जियो-टैगिंग आधारित डिजिटल क्रॉप सर्वे शुरू हो गया है. इस पहल से किसानों को जागरूक कर कृषि योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में मदद मिलेगी.
फसल की जियो-टैगिंग से बनेगा सटीक रिकॉर्ड, किसानों को जागरूक करने पर जोर
लिट्टीपाड़ा : डिजिटल क्रॉप सर्वे के सफल एवं सुचारू क्रियान्वयन को लेकर बुधवार को प्रखंड सभागार में ग्राम प्रधानों एवं परगनैत के साथ जागरूकता बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड कृषि पदाधिकारी सुमित मिश्रा एवं अंचल अधिकारी पवन कुमार ने की.
आपके शहर में
खेतों की डिजिटल और जियो-टैगिंग आधारित जानकारी होगी दर्ज
बैठक में ग्राम प्रधानों एवं परगनैत को डिजिटल क्रॉप सर्वे के उद्देश्य, प्रक्रिया एवं महत्व की जानकारी दी गयी. बताया गया कि सर्वे के माध्यम से खेतों में लगी फसलों की डिजिटल एवं जियो-टैगिंग आधारित जानकारी दर्ज की जाएगी. मोबाइल एप के माध्यम से खेत का स्थान, फसल का प्रकार, बोया गया क्षेत्रफल सहित अन्य आवश्यक कृषि संबंधी विवरण दर्ज किए जाएंगे.
किसानों को जागरूक करने की अपील
अधिकारियों ने ग्राम प्रधानों एवं परगनैत से अपने-अपने क्षेत्र के किसानों को डिजिटल क्रॉप सर्वे के प्रति जागरूक करने की अपील की. सर्वेक्षण कार्य में लगे सर्वेयरों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने तथा किसानों के खेत तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया. किसानों से भी फसल से संबंधित सही जानकारी उपलब्ध कराने में सहयोग करने की अपील की गयी.
कृषि योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में मिलेगी मदद
सीओ पवन कुमार ने कहा कि सर्वे में सही एवं वास्तविक जानकारी दर्ज होने से भविष्य में कृषि क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं एवं नीतियों के बेहतर क्रियान्वयन में सहायता मिलेगी. सर्वे के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या या कठिनाई आने पर संबंधित कर्मियों को आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा.
बैठक में सर्वे कार्य में सटीकता, पारदर्शिता एवं बेहतर समन्वय बनाए रखने को लेकर भी चर्चा की गयी. मौके पर सहायक तकनीकी प्रबंधक रामेश्वर मुर्मू सहित कृषि विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी, प्रखंड क्षेत्र के सभी ग्राम प्रधान, परगनैत एवं अन्य संबंधित लोग उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए