आमड़ापाड़ा ज्वेलर्स लूट कांड: आरोपियों की गिरफ्तारी और माल बरामदगी को लेकर सोनार महापरिवार ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

Updated:
विज्ञापन

एसपी अनुदीप सिंह को ज्ञापन सौंपते राष्ट्रीय कन्नौजिया सोनार महापरिवार के सदस्य | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

आमड़ापाड़ा के किशनु वर्मा ज्वेलर्स में हुई डकैती के खिलाफ सोनार महापरिवार ने पाकुड़ SP को ज्ञापन सौंपा है. अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी और लूटे गए सोने-चांदी की बरामदगी की मांग की गई है. SP ने अपराधियों को ट्रेस करने और जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है.

विज्ञापन

पाकुड़ : जिले के आमड़ापाड़ा स्थित किशनु वर्मा ज्वेलर्स डकैती मामले में राष्ट्रीय कन्नौजिया सोनार महापरिवार ने सोमवार को पाकुड़ एसपी अनुदीप सिंह को ज्ञापन सौंपा. संगठन ने अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी और लूटे गए सोने-चांदी के आभूषणों की बरामदगी की मांग की है. इस दौरान महापरिवार के संस्थापक प्रमुख रंजीत कुमार वर्मा ने ज्ञापन में कहा कि 2 सितंबर 2026 को दिनदहाड़े घातक हथियारों की नोक पर अपराधियों ने मनोज वर्मा द्वारा संचालित किशनु वर्मा ज्वेलर्स में डकैती की घटना को अंजाम दिया था. मामले में आमड़ापाड़ा थाना में कांड संख्या 68/2026 दर्ज है.

विज्ञापन

घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद अपराधियों की गिरफ्तारी और लूटे गए आभूषणों की बरामदगी नहीं होने से व्यवसायियों में नाराजगी है. संगठन ने कहा कि पुलिस के पास सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल्स (सीडीआर) और सर्विलांस जैसे आधुनिक संसाधन उपलब्ध हैं. इसके बावजूद अपराधियों की गिरफ्तारी में हो रही देरी चिंताजनक है. महापरिवार ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मामले का खुलासा नहीं हुआ तो जिले के ज्वेलर्स व्यवसायी चरणबद्ध आंदोलन करने को मजबूर होंगे.

अपराधियों को ट्रेस कर लिया गया है : एसपी

वहीं एसपी से मुलाकात के बाद महापरिवार के संस्थापक प्रमुख रंजीत कुमार बर्मन ने बताया कि एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि लूट में शामिल अपराधियों को ट्रेस कर लिया गया है. उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की जा रही है. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.एसपी श्री सिंह ने यह भी बताया कि जिले के सभी ज्वेलर्स दुकानदारों के साथ पुलिस पदाधिकारियों की बैठक की जाएगी. बैठक में दुकानों की सुरक्षा समेत अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी.

ज्वेलर्स व्यवसायियों ने मांग की है कि पूर्व की तरह पुलिस पदाधिकारियों के ज्वेलर्स दुकानों में जाकर निरीक्षण करने और सुरक्षा रजिस्टर में हस्ताक्षर करने की व्यवस्था फिर से बहाल की जाए. इससे दुकानदारों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी और पुलिस के साथ उनका समन्वय भी बेहतर होगा. इस दौरान झारखंड प्रदेश अध्यक्ष मनोज कुमार वर्मा, केन्द्रीय उपाध्यक्ष रविन्द्र वर्मा, केन्द्रीय प्रमुख शंकर लाल, प्रदेश संरक्षक दिनेश वर्मा, जिला अध्यक्ष गणेश साह, केन्द्रीय उपाध्यक्ष उदय प्रसाद वर्मा, केन्द्रीय महासचिव माखन लाल स्वर्णकार, केन्द्रीय सचिव नवीन कुमार वर्मा, पवन पोद्दार, केन्द्रीय सचिव मनोज वर्मा, प्रदेश महासचिव अनमोल वर्मा, सत्यनारायण स्वर्णकार, मनोज स्वर्णकार, अमन वर्मा सहित अन्य मौजूद थे.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola