जिला का सर्वांगीण विकास कर युवाओं को खेल से जोड़ना उद्देश्य : धीरज प्रसाद साहू
Published by : SHAILESH AMBASHTHA Updated At : 01 Feb 2026 10:06 PM
जिला का सर्वांगीण विकास कर युवाओं को खेल से जोड़ना उद्देश्य : धीरज प्रसाद साहू
लोहरदगा़ लोहरदगा एथलेटिक एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित 68वीं झारखंड ओपन एथलेटिक मीट का रविवार को ललित नारायण स्टेडियम में भव्य समापन हुआ. कार्यक्रम की शुरुआत एक भावुक क्षण के साथ हुई, जब स्वर्गीय शिव प्रसाद साहू की धर्मपत्नी शेफाली साहू, पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू, संजय साहू और विधायक डॉ रामेश्वर उरांव ने उनके चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किये. इस मौके पर धीरज प्रसाद साहू तथा डॉ रामेश्वर उरांव ने श्रीमती शेफाली साहू को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया. अतिथियों द्वारा एसोसिएशन की स्मारिका उड़ान का विमोचन भी किया गया. साहू परिवार और खेल का अटूट रिश्ता : स्वागत भाषण देते हुए कार्यकारी सचिव किशोर कुमार वर्मा ने कहा कि लोहरदगा की खेल के पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने में साहू परिवार का अतुलनीय योगदान रहा है. उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि सरकार की ओर से स्टेडियम निर्माण और खेल के विकास में अपेक्षित पहल नहीं होने से वर्तमान में कुछ सूनापन महसूस होता है, जिसे सामूहिक प्रयासों से दूर करना होगा. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने स्वर्गीय शिव प्रसाद साहू को याद करते हुए कहा कि उनके साथ ही उन्होंने राजनीति का ककहरा सीखा था. साहू परिवार के संस्कार ही हैं कि लोहरदगा का नाम आज भी सम्मान से लिया जाता है. उन्होंने स्टेडियम के जीर्णोद्धार के लिए सरकार से वार्ता करने का आश्वासन दिया. युवाओं को खेलों से जोड़ना मुख्य लक्ष्य : एसोसिएशन के अध्यक्ष सह पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने अपने संबोधन में कहा कि लोहरदगा उनकी जन्म और कर्म भूमि है. जिला का समग्र विकास और युवाओं को सही दिशा देने के लिए उन्हें खेलों से जोड़ना बेहद जरूरी है, ताकि वे भटकाव से बच सकें. उन्होंने कहा कि 1951 से शुरू हुई यह खेल परंपरा लोहरदगा की अमूल्य धरोहर है. विधायक डॉ रामेश्वर उरांव ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे अपने विधायक मद से स्टेडियम में आवश्यक बुनियादी ढांचा विकसित करेंगे. उन्होंने महिला खिलाड़ियों की सुविधा के लिए सर्वप्रथम आधुनिक शौचालय निर्माण की प्राथमिकता दोहराई. शेफाली साहू और संजय कुमार साहू ने कहा कि यह आयोजन स्वर्गीय शिव प्रसाद साहू की यादों को जीवंत रखता है और खेलकूद में उनकी गहरी आस्था सदैव बनी रहेगी. लोहरदगा का दबदबा : प्रतियोगिता में कोच विकास कुमार महतो के नेतृत्व में लोहरदगा की एथलेटिक टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला एवं पुरुष, दोनों वर्गों में ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब जीता. जूनियर बालिका वर्ग में संत टेरेसा महुआडांड़ (लातेहार) की टीम चैंपियन बनी. उर्सुलाइन कॉन्वेंट बालिका स्कूल को उनके बेहतरीन स्वागत प्रदर्शन के लिए विशेष ट्रॉफी से नवाजा गया. सेवा और समर्पण का सम्मान : इस ऐतिहासिक मीट को सफल बनाने में पिछले कई दशकों से सेवा दे रहे वरिष्ठ सदस्यों को सम्मानित किया गया. इनमें विजय गोपाल दत्ता, मदन मोहन पांडेय, लाल मोहन केसरी, शकील अख्तर, सुनील नायक, जहां आरा बेगम, लुखमान अहमद और कमल प्रसाद केसरी शामिल थे. कार्यक्रम का सफल संचालन रश्मि खेस ने किया. आयोजन में कार्यालय सचिव नसीम अख्तर, मुरारी गोस्वामी, रंजीत साहू, साबिर अहमद, नईम खलीफा, दिनेश साहू और अजय प्रसाद का विशेष योगदान रहा. तकनीकी संचालन में रांची से आये अनवर खान, अभिजीत पात्रा और एमबी राव की भूमिका सराहनीय रही. इस मौके पर काफी संख्या में लोग मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










