लोहरदगा : डीएमओ की कार्रवाई के विरोध में ट्रक मालिकों का धरना
धरना प्रदर्शन में शामिल लोग | Prabhat Khabar Network
लोहरदगा में डीएमओ की कार्रवाई के खिलाफ ट्रक मालिकों ने धरना दिया। 21 सितंबर से 1500 ट्रकों की अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी गई है।
प्रतिनिधि, लोहरदगा. जिला खनन पदाधिकारी (डीएमओ) की कार्रवाई के विरोध में लोहरदगा-गुमला ट्रक ओनर एसोसिएशन के बैनर तले शनिवार को ट्रक मालिकों ने पुराने समाहरणालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया. ट्रक मालिकों ने माइंस से हेसल तक वाहनों के लिए निर्धारित दूरी और समय को अव्यावहारिक बताते हुए विरोध जताया. एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि माइंस की वास्तविक दूरी कम दर्शाकर निर्धारित समय में वाहन नहीं पहुंचने पर ट्रकों को जब्त किया जा रहा है और भारी जुर्माना लगाया जा रहा है.
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि पिछले कुछ महीनों से बॉक्साइट लदे ट्रकों को दूरी और निर्धारित समय के आधार पर कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है. कई मामलों में जब्त वाहनों को छुड़ाने के लिए ढाई से तीन लाख रुपये तक जुर्माना मांगे जाने का आरोप लगाया गया. इससे ट्रक मालिकों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है.
कुजाम से हेसल की दूरी को लेकर विवाद
ट्रक मालिकों के अनुसार ऊपर पाट क्षेत्र के कुजाम माइंस से लोहरदगा के हेसल तक वास्तविक दूरी करीब 115 किलोमीटर है, जबकि डीएमओ कार्यालय की ओर से दूरी करीब 64 किलोमीटर निर्धारित की गयी है. एसोसिएशन का कहना है कि इसी आधार पर ट्रकों के लिए तीन से चार घंटे में माइंस से हेसल पहुंचकर खाली होने का समय तय किया गया है. ट्रक मालिकों के मुताबिक रास्ते में तीन फॉरेस्ट चेकनाका पड़ते हैं, जहां कागजी प्रक्रिया में भी समय लगता है.एसोसिएशन के अध्यक्ष कंवलजीत सिंह ने कहा कि रास्ते में हाट-बाजार, स्कूलों के आसपास यातायात, जाम, नो-एंट्री, वीआईपी मूवमेंट, धरना-प्रदर्शन, जुलूस, मेला और त्योहारों के कारण भी ट्रकों की रफ्तार प्रभावित होती है. इसके अलावा चालकों के भोजन और विश्राम तथा वाहन खराब होने जैसी परिस्थितियों को भी निर्धारित समय तय करते समय ध्यान में रखना जरूरी है.
अन्य माइंस की दूरी पर भी सवाल
एसोसिएशन ने दावा किया कि गुरदरी, अमतीपानी, कुजाम, चिरोडीह, भैंसबथान और सेरेंगदाग समेत अन्य माइंसों की दूरी भी वास्तविक दूरी से कम दर्शायी गयी है. ट्रक मालिकों ने गलत तरीके से जब्त वाहनों को छोड़ने तथा सभी माइंसों की दूरी और संचालन समय का वास्तविक परिस्थितियों के आधार पर पुनर्निर्धारण करने की मांग की. अध्यक्ष कंवलजीत सिंह ने कहा कि ट्रक मालिक नियमों का पालन करते हुए कारोबार करना चाहते हैं, लेकिन दूरी और समय निर्धारण व्यावहारिक होना चाहिए. उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं हुई, तो 21 सितंबर से ऊपर पाट क्षेत्र से संचालित करीब 1500 ट्रक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जायेंगे. हड़ताल से बॉक्साइट परिवहन और खनन गतिविधियों पर असर पड़ने की संभावना है. धरना में एसोसिएशन के सचिव मुद्रिका यादव, रहमान अंसारी, रोहित अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अभय सिंह, सह कोषाध्यक्ष इरफान दानिश, उपाध्यक्ष शशिकांत लाल दास, हरिचरण प्रसाद साहू, जतरू मुंडा, तारकेश्वर महतो, जसबीर एक्का, मुंतजिर आलम, इम्तेयाज उर्फ बबलू, मुमताज आलम, अजमल कुरैशी, सुमित विश्वकर्मा, राजेश कुमार शर्मा समेत बड़ी संख्या में ट्रक मालिक मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए