पहले गोलीबारी-आगजनी, अब लेवी की धमकी; फोरलेन निर्माण स्थल पर एसएटी के जवान तैनात
फोटो सड़क निर्माण कार्य स्थल | Prabhat Khabar Network
लोहरदगा में फोरलेन निर्माण स्थल पर फायरिंग और आगजनी की घटना के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. निर्माण कार्य में लगे कर्मियों में दहशत का माहौल है.
कुड़ू (लोहरदगा): सदर थाना क्षेत्र के कैमो महुवा टोली में बाइपास सड़क निर्माण स्थल पर लेवी की मांग को लेकर राहुल सिंह गिरोह द्वारा गोलीबारी और आगजनी की घटना के बाद कुड़ू थाना क्षेत्र में भी फोरलेन सड़क निर्माण कार्य की सुरक्षा बढ़ा दी गयी है. नेशनल हाइवे-39 पर कुड़ू के ढुलुवाखुंटा से लातेहार के उदयपुरा तक सड़क निर्माण का काम कड़ी सुरक्षा के बीच कराया जा रहा है.
आपके शहर में
निर्माण स्थल पर एसएटी के जवानों को तैनात किया गया है. इसके अलावा अतिरिक्त पुलिस बल की टीम लगातार गश्ती कर रही है. पीआरए कंस्ट्रक्शन कंपनी प्राइवेट लिमिटेड को ढुलुवाखुंटा से उदयपुरा तक फोरलेन सड़क निर्माण का काम आवंटित है. फिलहाल ढुलुवाखुंटा से टिको नदी तक बाइपास सड़क का निर्माण चल रहा है. फ्लाइओवर निर्माण के तहत डस्ट बिछाने, साइड बांधने, पुलिया निर्माण और पुलिया के ऊपर गार्डर लगाने का काम किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें- सिमडेगा में बारिश से दो कच्चे घर ध्वस्त; प्रभावित परिवारों का सहारा बना स्कूल
गोलीबारी के बाद मजदूरों में भी भय
करीब एक सप्ताह पूर्व कैमो महुवा टोली स्थित निर्माण स्थल पर दो हथियारबंद बदमाशों ने फायरिंग और आगजनी की थी. इस घटना में एक नाइट गार्ड को गोली लगी थी. इसके बाद कुड़ू बाइपास निर्माण में लगे मजदूर दशहरा मैदान में आकर रहने लगे हैं.
निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों और कर्मियों को लेवी की मांग को लेकर लगातार वाट्सएप मैसेज और फोन आने की बात भी सामने आ रही है. इसकी सूचना पुलिस को दी जा रही है. कैमो महुवा टोली की घटना के बाद कुड़ू में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी गयी है. एसएटी जवानों के साथ बाइक दस्ता और दो अतिरिक्त गश्ती दल भी तैनात किये गये हैं. इसके बावजूद मजदूरों और निर्माण कार्य से जुड़े कर्मियों में भय का माहौल बना हुआ है.
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
थाना प्रभारी अजीत कुमार ने कहा कि निर्माण कार्य से जुड़े लोगों को पूरी सुरक्षा उपलब्ध करायी जा रही है. पुलिस दिन-रात गश्त कर रही है. अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए