एक लाख की लकड़ी लेकर निकला था पिकअप, वनकर्मियों को देखते ही चालक फरार
कुड़ू वन क्षेत्र में वन विभाग ने छापेमारी कर साल की लकड़ी से लदा पिकअप वाहन जब्त किया है. अंधेरे का फायदा उठाकर चालक मौके से फरार हो गया, जांच जारी है.
कुड़ू (लोहरदगा): कुड़ू वन क्षेत्र में साल की लकड़ी की अवैध तस्करी की सूचना पर वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए साल बोटा लदा पिकअप वाहन जब्त किया. हालांकि, वनकर्मियों को देखते ही चालक वाहन को सड़क पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया. वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
आपके शहर में
रात्रि गश्त के दौरान पकड़ा गया वाहन
कुड़ू वन क्षेत्र के प्रभारी वनपाल पंकज सिंह को सूचना मिली थी कि कालीपुर-हेंजला मुख्य पथ से साल बोटा लदा पिकअप वाहन रांची की ओर जा रहा है. सूचना के बाद वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में रात्रि गश्त तेज कर दी. इसी दौरान कालीपुर-हेंजला के समीप संदिग्ध पिकअप वाहन आता दिखाई दिया. वनकर्मियों को देखते ही चालक वाहन सड़क पर छोड़कर अंधेरे में भाग निकला.
ये भी पढ़ें- बं कमरे में मच्छर अगरबत्ती जलाकर सोया परिवार, चार बेहोश; 3 की हालत गंभीर
करीब एक लाख रुपये की है लकड़ी
वनकर्मियों ने पिकअप की तलाशी ली, तो उसमें साल के बोटे लदे मिले. इसके बाद वाहन और लकड़ी को जब्त कर कुड़ू वन विभाग परिसर लाया गया. जब्त लकड़ी की कीमत करीब एक लाख रुपये आंकी गई है. वन विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि साल के पेड़ कहां काटे गये थे और लकड़ी को कहां ले जाया जा रहा था. तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है. कार्रवाई में प्रभारी वनपाल पंकज सिंह, गौतम राम, आदित्य गोप समेत वन विभाग की टीम शामिल थी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए