बिमरला माइंस बंद रहने से ट्रक मालिकों पर आर्थिक संकट, आंदोलन की दी चेतावनी
लोहरदगा में बिमरला बॉक्साइट माइंस बंद होने से ट्रक मालिकों के सामने आर्थिक संकट, एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि जल्द काम शुरू नहीं हुआ तो होगा बड़ा आंदोलन.
लोहरदगाः लोहरदगा-गुमला ट्रक ऑनर एसोसिएशन की बैठक बक्सीडीपा स्थित कार्यालय में अध्यक्ष कवलजीत सिंह की अध्यक्षता में हुई. बैठक में बिमरला माइंस में चलने वाले ट्रक मालिकों ने हिस्सा लिया. ट्रक मालिकों ने माइंस में पिछले कई महीनों से ट्रिप प्रभावित रहने और करीब एक माह से माइंस बंद होने पर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि माइंस बंद रहने से ट्रकों का परिचालन ठप है और उनके सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है.
आपके शहर में
कंपनी के अधिकारियों से हुई बातचीत
बैठक के दौरान एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कंपनी के जीएम और ट्रांसपोर्ट हेड से फोन पर बातचीत कर समस्या से अवगत कराया. कंपनी की ओर से सोमवार को एसोसिएशन के साथ बैठक बुलाई गई है. इसमें बिमरला माइंस को सुचारू रूप से चालू करने और ट्रकों की ट्रिप बढ़ाने को लेकर अंतिम निर्णय लिए जाने की बात कही गई. एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि यदि माइंस को जल्द चालू नहीं किया गया, तो कंपनी के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा.
ये भी पढ़ें- दो दिवसीय प्रखंड स्तरीय खेलो झारखंड प्रतियोगिता का समापन, विजेताओं को BEO ने किया सम्मानित
जर्जर सड़क और ट्रिप व्यवस्था का मुद्दा उठा
बैठक में गुरदरी माइंस की ट्रिप व्यवस्था में सुधार और बिमरला माइंस की जर्जर सड़क की मरम्मत का मुद्दा भी उठाया गया. ट्रक मालिकों ने कहा कि खराब सड़क के कारण परिचालन प्रभावित होता है और वाहनों के रखरखाव पर अतिरिक्त खर्च बढ़ रहा है. वहीं, डीएमओ और माइनिंग इंस्पेक्टर की कार्रवाई को लेकर भी ट्रक मालिकों ने नाराजगी जताई. एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि माइंस की वास्तविक दूरी से कम दूरी दर्ज कर ट्रकों के लिए कम समय निर्धारित किया जा रहा है. इसके आधार पर ट्रक मालिकों पर जुर्माना लगाया जा रहा है.
धीरज प्रसाद साहू से भी की गई बातचीत
एसोसिएशन के संरक्षक एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू से भी ट्रक मालिकों की समस्याओं को लेकर बातचीत की गई. उन्होंने उपायुक्त से बात कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया. एसोसिएशन ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई और माइंस का परिचालन सामान्य नहीं किया गया, तो ट्रकों का परिचालन बंद कर सड़क पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा.
ये भी पढ़ें- झारखंड में रक्षाबंधन की छुट्टी में भी खुलेंगे स्कूल, जानें वजह
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए