बच्चों ने बनायीं राखियां, जम्मू-कश्मीर में तैनात जवानों तक पहुंचेगा स्नेह
लोहरदगा के स्कूली बच्चों ने रक्षाबंधन पर सीमा पर तैनात जवानों के लिए राखियां बनाईं. डाक विभाग के विशेष अभियान के तहत ये राखियां जवानों तक पहुंचाई जाएंगी.
लोहरदगाः भारतीय डाक विभाग, लोहरदगा मंडल की ओर से स्वतंत्रता दिवस और रक्षाबंधन के अवसर पर चलाये जा रहे विशेष अभियान ‘एक राखी जवानों के नाम’ के तहत शुक्रवार को पीएम श्री राजकीयकृत मध्य विद्यालय, नवाड़ी पाड़ा में राखी निर्माण प्रतियोगिता आयोजित की गयी. कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरुण राम ने की. मुख्य अतिथि लोहरदगा के पोस्टल इंस्पेक्टर राहुल कुमार सिंह थे.
आपके शहर में
जवानों के प्रति सम्मान का संदेश
पोस्टल इंस्पेक्टर राहुल कुमार सिंह ने कहा कि सीमा पर तैनात जवान रक्षाबंधन जैसे पर्व पर अपने परिवार से दूर रहकर देश की रक्षा करते हैं. ऐसे में बच्चों के हाथों से बनायी गयी राखियां जवानों के प्रति देश के स्नेह, सम्मान और अपनत्व का प्रतीक हैं. उन्होंने विद्यार्थियों को डाक विभाग की विभिन्न सेवाओं, पत्र लेखन तथा ‘ढाई आखर’ अभियान के महत्व की जानकारी दी. उन्होंने बच्चों को पत्र लेखन के माध्यम से अपनी भावनाओं को व्यक्त करने और जवानों तक स्नेह का संदेश पहुंचाने के लिए प्रेरित किया.
ये भी पढ़ें- बारिश ने छीना आशियाना, कच्चा मकान गिरने से परिवार पर टूटा संकट
बच्चों की रचनात्मकता पहुंचेगी सरहद तक
प्रधानाध्यापक अरुण राम ने कहा कि बच्चों के हाथों से तैयार राखियां अब सरहद पर तैनात जवानों तक पहुंचेंगी. इससे विद्यार्थियों की रचनात्मकता को मंच मिलने के साथ उनमें हस्तकला, राष्ट्र के प्रति समर्पण और सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना भी मजबूत होगी.
120 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
राखी निर्माण प्रतियोगिता में कक्षा एक से आठ तक के 120 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. विद्यार्थियों ने विभिन्न रंगों और आकर्षक सामग्री का उपयोग कर राखियां तैयार कीं. प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और देशभक्ति का माहौल रहा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए