होली को लेकर बाजार में बिखरे रंग, हर्बल गुलाल और ऑटोमेटिक पिचकारियों की धूम

Updated:
विज्ञापन

होली को लेकर बाजार में बिखरे रंग, हर्बल गुलाल और ऑटोमेटिक पिचकारियों की धूम

विज्ञापन

लोहरदगा़ होली का त्योहार नजदीक आते ही शहर का बाजार रंगों के सतरंगी उत्सव में डूब गया है. हर तरफ अबीर-गुलाल और आकर्षक पिचकारियों की दुकानें सज चुकी हैं. इस बार होली को लेकर शहरवासियों में विशेष उत्साह है, क्योंकि हाल ही में संपन्न हुए नगर परिषद चुनाव के नतीजों के बाद जश्न का माहौल पहले से ही बना हुआ है. हर्बल रंगों और ऑर्गेनिक गुलाल की बढ़ी मांग : बाजार में इस बार पारंपरिक गुलाल के साथ-साथ हर्बल और ऑर्गेनिक रंगों की भारी मांग देखी जा रही है. गंगा पूजा भंडार के कुणाल अभिषेक ने बताया कि चुनाव परिणाम आने के बाद से ही अबीर-गुलाल की बिक्री शुरू हो गयी थी. उन्होंने बताया कि बाजार में गुलाब, चंदन और केसर की खुशबू वाले हर्बल गुलाल ग्राहकों को विशेष रूप से आकर्षित कर रहे हैं. लोग अब सस्ते उत्पादों के बजाय गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित रंगों को प्राथमिकता दे रहे हैं. बच्चों के लिए खास आकर्षण : दुकानें रंग-बिरंगे मुखौटों, थीम आधारित टोपियों और आकर्षक चश्मों से पटी पड़ी हैं. बच्चों की पसंद का ख्याल रखते हुए बाजार में कार्टून कैरेक्टर, सुपरहीरो और टैंक के आकार वाली पिचकारियां मौजूद हैं. इस बार बैटरी से चलने वाली ऑटोमेटिक पिचकारियां पिछले साल की तुलना में बच्चों के बीच आकर्षण का मुख्य केंद्र बनी हुई हैं. इसके अलावा बैलून पिचकारी और मास्क की भी काफी मांग है. उत्साह से सराबोर शहर : नगर के चौक-चौराहों से लेकर मुख्य बाजार तक हर तरफ होली की रौनक साफ देखी जा सकती है. ग्राहकों का मानना है कि होली रंगों और उमंगों का त्योहार है, इसलिए खरीदारी में किसी तरह की कंजूसी नहीं होनी चाहिए. बाजारों में भीड़ बढ़ने से दुकानदारों के चेहरे पर भी रौनक है. कुल मिलाकर, पूरा लोहरदगा अब होली के रंगों में रंगने को पूरी तरह तैयार है.

आपके शहर में

विज्ञापन
विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola