तमिलनाडु में मृत महिला मजदूर का शव लाने में प्रशासन ने की मदद
Published by : SHAILESH AMBASHTHA Updated At : 01 Mar 2026 8:44 PM
तमिलनाडु में मृत महिला मजदूर का शव लाने में प्रशासन ने की मदद
कुड़ू़ रोजगार की तलाश में तमिलनाडु गयी कुड़ू प्रखंड के सुकुमार गांव निवासी संतु महली की 25 वर्षीय पुत्री सुशीला कुमारी की आकस्मिक मौत हो गयी. मौत की खबर मिलते ही परिजन गहरे सदमे में डूब गये. आर्थिक तंगी के कारण परिवार शव को तमिलनाडु से लाने में पूरी तरह असमर्थ था, लेकिन सांसद सुखदेव भगत के कुड़ू प्रखंड प्रतिनिधि लाल विकास शाहदेव के त्वरित प्रयासों से सुशीला का शव घर तक पहुंच सका. सांसद प्रतिनिधि की पहल रंग लायी : मामले की जानकारी मिलते ही सांसद प्रतिनिधि लाल विकास शाहदेव पीड़ित परिवार से मिलने सुकुमार गांव पहुंचे. उन्होंने घटना की पूरी जानकारी ली और तत्काल जिला श्रम अधीक्षक से फोन पर बात कर मामले से अवगत कराया. उन्होंने शव को तमिलनाडु से वापस लाने के लिए सरकारी सहायता की मांग की. सांसद प्रतिनिधि के प्रयासों का ही परिणाम था कि श्रम विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तत्काल 50,000 रुपये की सहायता राशि उपलब्ध करायी. इस आर्थिक मदद से शव को कुड़ू स्थित सुकुमार गांव लाया जा सका, जहां परिजनों ने अंतिम संस्कार किया. पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा : रविवार को सांसद प्रतिनिधि पुनः सुकुमार गांव पहुंचे और पीड़ित परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढ़स बंधाया. उन्होंने हर संभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया. विदित हो कि सुशीला के साथ तमिलनाडु में काम कर रहे ग्रामीणों ने उसके निधन की सूचना घर भेजी थी, इसके बाद से ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था. समय रहते मिली सरकारी सहायता ने परिजनों को बड़ी राहत दी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










