श्रीमद्भागवत कथा से भक्तिमय हुआ लोहरदगा, कथा व्यास के प्रवचन और झांकियों ने मोहा मन

Updated:
विज्ञापन

मौजूद लोग | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

लोहरदगा में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में कथा व्यास अच्युत प्रपन्नाचार्य महाराज का भव्य अभिनंदन किया गया. कथा, भजनों और शिव-पार्वती विवाह, वामन अवतार व श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की झांकियों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना हुआ है.

विज्ञापन

लोहरदगाः गुदरी बाजार स्थित मुंद्रिका बैंक्वेट में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के दौरान कथा व्यास पूज्य अच्युत प्रपन्नाचार्य महाराज का आयोजक समिति और स्थानीय श्रद्धालुओं ने भव्य अभिनंदन किया. इस अवसर पर जय प्रकाश शर्मा और सुनील अग्रवाल ने व्यास पीठ पर विराजमान महाराज श्री को पारंपरिक साफा पहनाया. वहीं राजीव रंजन और राजन मेहता ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर स्मृति चिह्न भेंट किया और आशीर्वाद लिया.

विज्ञापन

कथा से क्षेत्र में भक्तिमय माहौल

जय प्रकाश शर्मा ने कहा कि महाराज के मुखारविंद से बह रही ज्ञान की गंगा से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया है. व्यास जी अपनी सुमधुर वाणी और भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भागवत महापुराण के गूढ़ रहस्यों से अवगत करा रहे हैं. इससे समाज में सकारात्मकता और धार्मिक चेतना का संचार हो रहा है. उन्होंने पंडित श्री राम बालक जी के प्रवचन और प्रसंगों की भी सराहना की.

सुनील अग्रवाल ने कहा कि कथा में महिलाओं की बड़ी संख्या में भागीदारी हो रही है. श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण बड़ा परिसर भी छोटा पड़ रहा है. सभी माताएं और बहनें इस दिव्य कार्यक्रम का भरपूर आनंद ले रही हैं. उन्होंने बताया कि संकट मोचन हनुमान जी इस कार्यक्रम के आयोजक हैं और क्षेत्र के धार्मिक लोग बढ़-चढ़कर इसमें भागीदारी कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें- गढ़वा में बच्चों की स्कूल यात्रा पर सवाल, 5 बसों में 3 खराब, 2 में नहीं मिला फर्स्ट एड-जीपीएस

झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र

कथा के दौरान प्रतिदिन निकलने वाली झांकियां महिलाओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं. अलग-अलग कलाकार मोहक रूप धारण कर समारोह को और भव्य बना रहे हैं. अब तक शिव-पार्वती विवाह, वामन अवतार, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव और बाल लीला की झांकियां प्रस्तुत की जा चुकी हैं. आगे भी विभिन्न आकर्षक झांकियों की प्रस्तुति की जाएगी.

सम्मान व्यास पीठ और सनातन संस्कृति का

अभिनंदन समारोह के दौरान कथा व्यास अच्युत प्रपन्नाचार्य महाराज ने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि सम्मान किसी व्यक्ति का नहीं, बल्कि व्यास पीठ और सनातन संस्कृति का होता है. उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा मानव जीवन के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करती है. इसके श्रवण से मनुष्य को भक्ति के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है.

समारोह में मुख्य आयोजक समिति के जय गोविंद, अशोक कांस्यकर, प्रमोद अग्रवाल, नरेंद्र मित्तल, मनीष राजगढ़िया, मुरली अग्रवाल, सुनील मेहता, संजय शर्मा, संजय अग्रवाल, कंचन कांस्यकर, सोनू भगत समेत बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक और महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे. श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ कथा व्यास का अभिनंदन किया. कथा के अंत में महाआरती हुई और उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया.

ये भी पढ़ें- शेरघाटी से कजरी तक बिछेगी नई रेल लाइन, 2,627.29 करोड़ की परियोजना को रेलवे बोर्ड की मंजूरी

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola