लापरवाही पर बरती जायेगी सख्ती, संवेदनशील केंद्रों पर सुरक्षा के रहेंगे कड़े इंतजाम

लापरवाही पर बरती जायेगी सख्ती, संवेदनशील केंद्रों पर सुरक्षा के रहेंगे कड़े इंतजाम
लातेहार ़ जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में बैठक हुई. बैठक का मुख्य उद्देश्य नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 को सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना था. इस दौरान निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी कोषांगों के पदाधिकारियों को पूरी तत्परता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया. पारदर्शिता और समयबद्धता पर जोर : उपायुक्त ने निर्वाचन की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए कहा कि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी. सभी कोषांगों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा में अपने दायित्वों का निर्वह्न करने का निर्देश दिया गया. सुरक्षा व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद : पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने विधि-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संवेदनशील एवं अति-संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान करने का निर्देश दिया. उन्होंने चेकपोस्ट के संचालन, गश्ती दल की तैनाती और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने की बात कही. एसपी ने कहा कि निर्वाचन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था अभेद्य रहे और किसी भी अवांछनीय गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाये. प्रशिक्षण और आचार संहिता पर चर्चा : बैठक में मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण, सामग्री वितरण, परिवहन प्रबंधन और आदर्श आचार संहिता के कड़ाई से अनुपालन पर विस्तार से चर्चा हुई. मौके पर डीडीसी सैय्यद रियाज अहमद, डीआरडीए निदेशक प्रभात रंजन चौधरी, एसडीओ अजय कुमार रजक, जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) श्रेयांश समेत कई पदाधिकारी उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




