Latehar News: स्कूल परिसर में मौत के गड्ढे! 8 फीट गहरे गड्ढों में भरा पानी, बच्चों की सुरक्षा पर बड़ा खतरा
खोदे गये गड्ढे में भरा पानी. | Prabhat Khabar Network
बारियातू के उत्क्रमित उच्च विद्यालय बेसरा में भवन निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढों में पानी भरने से बड़ा हादसा होने की आशंका, ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग।
बारियातू, लातेहार : शिबला पंचायत अंतर्गत उत्क्रमित उच्च विद्यालय बेसरा परिसर में अतिरिक्त भवन निर्माण के लिए करीब चार माह पूर्व संवेदक द्वारा खोदे गये गड्ढे अब बच्चों के लिए खतरा बन गये हैं. निर्माण कार्य शुरू नहीं होने के कारण बारिश का पानी इन गड्ढों में भर गया है. इससे विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर विद्यालय प्रबंधन और ग्रामीण चिंतित हैं.
आपके शहर में
आठ फीट गहरे गड्ढों में भरा पानी
विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष दीपक यादव ने बताया कि भवन निर्माण के लिए संवेदक ने करीब चार माह पूर्व परिसर में कई जगहों पर गड्ढे खोदे थे. ये गड्ढे करीब आठ फीट गहरे और सात फीट चौड़े हैं. बारिश के बाद इनमें पानी भर गया है. संवेदक को कई बार सूचना देने के बावजूद न तो निर्माण कार्य शुरू किया गया और न ही गड्ढों को भरने की पहल हुई.
खेल के दौरान बच्चों के गड्ढे में गिरने का खतरा
विद्यालय में कक्षा एक से दस तक के बच्चे पढ़ने आते हैं. खेलकूद के दौरान बच्चे इन गड्ढों के आसपास पहुंच सकते हैं. पानी भरा होने के कारण गड्ढे की वास्तविक गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल है. ऐसे में किसी बच्चे के गड्ढे में गिरने से बड़ी दुर्घटना हो सकती है.
विद्यालय प्रबंधन समिति और स्थानीय ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से मामले की तत्काल जांच कराने की मांग की है. उन्होंने संवेदक के विरुद्ध कार्रवाई करने, निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने अथवा सभी गड्ढों को तत्काल भरवाने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए