Latehar News: चंदवा में नगर नदी पर पुल नहीं, एक सप्ताह से स्कूल नहीं जा पा रहे बच्चे; दर्जनों टोलों के ग्रामीण परेशान
नदी पार कर जाते लोग. | Prabhat Khabar Network
चंदवा के चकला पंचायत में नगर नदी का जलस्तर बढ़ने से स्कूली बच्चों का स्कूल जाना बंद हो गया है। ग्रामीण लंबे समय से पुल निर्माण की मांग कर रहे हैं।
चंदवा, लातेहार : प्रखंड के चकला पंचायत में नगर नदी पर पुल नहीं होने के कारण बारिश के बाद ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गयी है. लगातार बारिश के बाद नदी का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे पुरनाटोली समेत चतरो, कुसुमटोली, अरधे, भुसाड़ देवीमंडप, नवाटोली, अंबवाटांड़, अरंडियाटांड़ और भीखू टोली समेत दर्जनों टोलों के ग्रामीण प्रभावित हैं.
आपके शहर में
ग्रामीणों ने बताया कि चकला पुरनाटोली से मुख्य सड़क पर मंगरदाह के समीप नगर नदी पर पुल निर्माण की मांग वर्षों पुरानी है. हर साल बरसात के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ने पर लोगों को इसी तरह परेशानी का सामना करना पड़ता है.
नदी का जलस्तर बढ़ने से स्कूल जाना हुआ मुश्किल
ग्रामीणों के अनुसार नगर नदी में पानी बढ़ने से सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है. प्रतिदिन कई बच्चे इसी रास्ते से चंदवा के विभिन्न स्कूलों में पढ़ने जाते हैं. नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण पिछले करीब एक सप्ताह से बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं. अभिभावक भी बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें नदी पार कर स्कूल भेजने का जोखिम नहीं उठा रहे हैं.
पुल निर्माण की मांग
आजसू नेता मनोज तुरी ने कहा कि पुल नहीं होने के कारण बरसात में ग्रामीणों की परेशानी बढ़ जाती है. ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से नगर नदी पर अविलंब पुल निर्माण कराने की मांग की है, ताकि बरसात के दिनों में आवागमन की समस्या दूर हो सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए