बेतला में जन्माष्टमी की धूम ; कृष्णमय हुआ पूरा इलाका, पूर्व संध्या पर राधा-कृष्ण रूप सज्जा प्रतियोगिता
राधा-कृष्ण की वेशभूषा में बच्चें | Prabhat Khabar Network
बेतला में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की भव्य तैयारियां, स्कूलों में राधा-कृष्ण रूप सज्जा और मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन, भक्तिमय हुआ पूरा इलाका।
बेतला (लातेहार). बेतला और आसपास के ग्रामीण इलाकों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है. क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों और पूजा पंडालों में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं. आकर्षक विद्युत सज्जा और भव्य पंडालों से पूरे इलाके को सजाया गया है. मध्य रात्रि को होने वाले महाअभिषेक, विशेष पूजा-अर्चना और महाआरती को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है. जगह-जगह भजन-कीर्तन का दौर भी शुरू हो चुका है.
आपके शहर में
राधा-कृष्ण की वेशभूषा में बच्चों ने मोहा मन
इसी कड़ी में क्षेत्र के विभिन्न निजी विद्यालयों में जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. स्कूलों में आयोजित प्रतियोगिताओं में छोटे-छोटे बच्चों ने राधा और श्रीकृष्ण की मनमोहक वेशभूषा धारण कर सबका मन मोह लिया. नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए ''राधा-कृष्ण रूप सज्जा प्रतियोगिता में छोटे-छोटे बच्चे भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी की मनमोहक पोशाक पहनकर, हाथों में बांसुरी और सिर पर मोरपंख सजाकर पहुंचे, जिन्होंने अपनी मासूम अदाओं से उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया.
ये भी पढ़ें: बालूमाथ: मगध कोलियरी के 22 नंबर कांटा में गोलीबारी के बाद ट्रांसपोर्टिंग ठप, इलाके में दहशत
जय कन्हैया लाल की और हाथी घोड़ा पालकी
इसके अलावा, कई विद्यालयों के प्रांगण में पारंपरिक ''मटकी फोड़ प्रतियोगिता'' का भी आयोजन किया गया. जय कन्हैया लाल की और हाथी घोड़ा पालकी के गगनभेदी नारों के बीच बच्चों ने मानव पिरामिड बनाकर ऊंचाई पर टंगी दही-हांडी को फोड़ा, जिसे देखकर पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा. इस दौरान सफल प्रतिभागियों को विद्यालय प्रबंधन द्वारा पुरस्कृत भी किया गया.
ये भी पढ़ें: लातेहार में पत्नी से विवाद के बाद युवक ने जहर खाकर दी जान, सदर थाना पुलिस कर रही जांच
संस्कृति के प्रति सम्मान और नैतिक मूल्यों का विकास
इस अवसर पर स्कूल के प्राचार्यों और वरिष्ठ शिक्षकों ने बच्चों को संबोधित करते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जीवन दर्शन, उनकी बाल लीलाओं और गीता के उपदेशों के बारे में विस्तार से बताया. उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों से बच्चों में अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान और नैतिक मूल्यों का विकास होता है. देर शाम तक चले इन कार्यक्रमों और मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से पूरा बेतला इलाका पूरी तरह से कृष्णमय और भक्ति के रंग में सराबोर नजर आ रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए