आधुनिक तकनीक और जैविक खेती से किसानों की आय दोगुनी करने पर जोर

Updated:
विज्ञापन

आधुनिक तकनीक और जैविक खेती से किसानों की आय दोगुनी करने पर जोर

विज्ञापन

लातेहार ़ जिला मुख्यालय स्थित अनुमंडलीय कृषि प्रक्षेत्र कीनामाड़ परिसर में मंगलवार को दो दिवसीय जिला स्तरीय कृषि मेला-सह-फल, फूल एवं सब्जी प्रदर्शनी तथा पशु मेला का भव्य आगाज हुआ. इसका उद्घाटन उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता, जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी और उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इस अवसर पर उपायुक्त ने किसानों से पारंपरिक खेती के बजाय आधुनिक तकनीक और फसल विविधीकरण अपनाने की अपील की, ताकि उनकी आय में वृद्धि हो सके. 25 स्टॉलों पर दिखी लातेहार के किसानों की मेहनत : मेले में कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य और सहकारिता विभाग द्वारा कुल 25 स्टॉल लगाये गये हैं. प्रदर्शनी में जिले के प्रगतिशील किसानों द्वारा उपजाये गये उन्नत किस्म के गेहूं, चना, मसूर, पपीता, अमरूद और विभिन्न प्रकार की सब्जियों (टमाटर, आलू, गोभी, बैंगन) के साथ-साथ रंग-बिरंगे फूलों की आकर्षक प्रदर्शनी लगायी गयी. जिला कृषि पदाधिकारी नेहा निश्चल ने विभाग की योजनाओं की जानकारी दी, वहीं कृषि वैज्ञानिकों ने कीट प्रबंधन और जैविक खेती के गुर सिखाये. योजनाओं का मिला लाभ, बंटी गायें और बत्तख के चूजे : मेले के दौरान मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना (2025-26) के तहत 15 लाभुकों के बीच गायों का वितरण किया गया. साथ ही, जालिमखुर्द गांव के छह लाभुकों को बत्तख के चूजे प्रदान किये गये. उद्यान विकास योजना के तहत संरक्षित फूलों की खेती को लेकर तीन लाभुकों को तथा कीट रहित सब्जी उत्पादन के लिए कुल तीन लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया गया. प्रशासनिक अधिकारियों की रही मौजूदगी : मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और काफी संख्या में प्रगतिशील किसान उपस्थित थे. अधिकारियों ने किसानों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया. यह मेला बुधवार को भी जारी रहेगा, जिसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले किसानों को पुरस्कृत किये जाने की संभावना है.

आपके शहर में

विज्ञापन
विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola