चंदवा में कोयला लदे हाइवा व ट्रक में टक्कर, चार घायल, पांच घंटे एनएच जाम

Updated:
विज्ञापन

चंदवा में कोयला लदे हाइवा व ट्रक में टक्कर, चार घायल, पांच घंटे एनएच जाम

विज्ञापन

चंदवा़ स्थानीय इंदिरा गांधी चौक के समीप शनिवार तड़के करीब चार बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ. बालूमाथ की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे कोयला लदे अनियंत्रित हाइवा (जेएच19ई-3439) ने माल्हन-मैक्लुस्कीगंज पथ से चौक की ओर आ रहे ट्रक (जेएच05एटी-5395) में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे स्थित दुकान एसके सुपर मार्ट के बाहरी हिस्से को क्षतिग्रस्त करते हुए उसमें जा घुसा, जबकि हाइवा बीच सड़क पर पलट गया. हाइवा में लोड कोयला सड़क पर बिखरने से अफरा-तफरी मच गयी. इस दुर्घटना में चालक कार्तिक कुमार, रिंकू यादव, झोबला भुइयां और श्रीराम दुबे गंभीर रूप से घायल हो गये. गनीमत रही कि तड़के चौक पर लोगों की आवाजाही नहीं थी, अन्यथा बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था. हादसे के बाद एनएच-99 और एनएच-75 पर करीब पांच घंटे तक भीषण जाम लगा रहा, जिससे पूरा शहर परेशान रहा. बाद में पुलिस प्रशासन ने पहल कर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाया, तब जाकर यातायात सुगम हो सका. इधर, दुर्घटनाग्रस्त हाइवा के रूट को लेकर क्षेत्र में अवैध कोयला परिवहन की चर्चा जोरों पर है. स्थानीय लोगों के अनुसार बालूमाथ की ओर से आने वाले कोयला हाइवा टोरी कोल साइडिंग चले जाते हैं, वे इंदिरा गांधी चौक की तरफ नहीं आते. मामले पर थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि उक्त कोयला लोहरदगा ले जाया जा रहा था. दुर्घटनाग्रस्त वाहन व कोयला संबंधित दस्तावेजों की मांग की गयी है, जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पायेगी.

आपके शहर में

विज्ञापन
विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola