Koderma News: झुमरीतिलैया में जाम पर बड़ा एक्शन, टोटो के रूट-ड्रेस कोड होंगे सख्त; अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर गुरुवार से अभियान
बैठक में नगर अध्यक्ष व अन्य. | Prabhat Khabar Network
झुमरीतिलैया में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए प्रशासन ने टोटो-ऑटो चालकों और अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने का निर्णय लिया है।
झुमरीतिलैया, कोडरमा : शहर की चरमराती यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने को लेकर नगर परिषद कार्यालय में बुधवार को नगर परिषद प्रशासन और पुलिस प्रशासन की संयुक्त बैठक हुई. बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष रमेश हर्षधर और एसडीपीओ प्रमोद कुमार केसरी ने ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये. बैठक में टोटो और ऑटो संगठन के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे.
आपके शहर में
टोटो के लिए लागू होंगे सख्त नियम
नगर परिषद अध्यक्ष रमेश हर्षधर ने कहा कि रांची में टोटो चालकों के लिए लागू यातायात नियमों को झुमरीतिलैया में भी लागू किया जायेगा. पूर्व में हुई बैठकों में लिये गये निर्णय के अनुसार ड्रेस कोड समेत अन्य नियमों को सख्ती से लागू किया जायेगा. उन्होंने कहा कि नाबालिगों द्वारा टोटो चलाने की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जायेगी.
उन्होंने बताया कि मुख्य सड़क के किनारे सर्विस रोड में लगे पेवर ब्लॉक को मुख्य सड़क के समतल किया जायेगा, ताकि दुर्घटना की आशंका कम हो.
आवंटित दुकानों में नहीं जाने वालों पर होगी कार्रवाई
अध्यक्ष ने कहा कि कुछ दिन पूर्व अशोका होटल के पीछे करीब 100 लोगों को दुकानें आवंटित की गयी थीं. इसके बावजूद कई दुकानदार दोबारा सड़क किनारे अतिक्रमण कर सामान बेच रहे हैं. ऐसे लोगों पर कार्रवाई की जायेगी.
उन्होंने कहा कि आवंटित दुकान में नहीं जाने वाले दुकानदारों को पांच से 10 दिन का अल्टीमेटम दिया जायेगा. इसके बाद भी दुकान में नहीं जाने पर आवंटन रद्द कर दूसरे लोगों को दुकान आवंटित की जायेगी.
अतिक्रमण और बेतरतीब टोटो से बढ़ रहा जाम
एसडीपीओ प्रमोद कुमार केसरी ने कहा कि सुभाष चौक से झंडा चौक के बीच पिछले कुछ दिनों से अत्यधिक जाम की स्थिति बन रही है. इसका प्रमुख कारण सड़क पर अवैध रूप से दुकान लगाकर किया जा रहा अतिक्रमण है.
उन्होंने कहा कि झंडा चौक से स्टेशन रोड और स्टेशन तक तथा डिवाइडर के बीच दुकान लगाने वालों को अभियान चलाकर हटाया जायेगा. संबंधित दुकानदारों को नगर परिषद द्वारा आवंटित स्थान पर दुकान लगाने का निर्देश दिया जायेगा.
एसडीपीओ ने कहा कि शहर में टोटो की संख्या भी काफी बढ़ गयी है. कई टोटो में नंबर प्लेट नहीं है. सभी चालकों को जल्द नंबर प्लेट लगवाने, निर्धारित रूट पर चलने, ड्रेस कोड का पालन करने और वैध लाइसेंस रखने का निर्देश दिया गया है. नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी.
पार्किंग स्थल से भी हटेंगी अवैध दुकानें
एसडीपीओ ने कहा कि गुरुवार से ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर विशेष अभियान चलाया जायेगा, ताकि झुमरीतिलैया को जाम से राहत मिल सके. नगर परिषद ने शहर में पार्किंग की व्यवस्था की है, लेकिन लोग निर्धारित पार्किंग का इस्तेमाल करने के बजाय सड़क किनारे वाहन खड़ा कर देते हैं. इससे भी जाम की समस्या बढ़ रही है.
उन्होंने कहा कि पार्किंग स्थलों पर अवैध रूप से दुकान लगाने वालों को भी हटाया जायेगा.
मौके पर नगर परिषद उपाध्यक्ष मनोहर राम, सिटी मैनेजर लेमांशु कुमार, रणधीर वर्मा, तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार सहित नगर परिषद के अन्य कर्मी और टोटो-ऑटो संगठन के प्रतिनिधि मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए