Koderma News: मां के हाथ से छूटा 3 साल की माही का हाथ, उफनती बरमसिया नदी में बही; 5 किमी दूर झाड़ियों में मिला शव

Updated:
विज्ञापन

सतगावां के नावाडीह में दर्दनाक हादसा, बर्तन धोने गई मां के सामने बरमसिया नदी के तेज बहाव में बही 3 वर्षीय मासूम, मौत | Prabhat Khabar Network

झारखंड के सतगावां में बरमसिया नदी के तेज बहाव में डूबने से 3 वर्षीय बच्ची की मौत। मां के सामने हुई इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।

विज्ञापन

सतगावां, कोडरमा : थाना क्षेत्र की कोठियार पंचायत के नावाडीह टोला में बुधवार दोपहर करीब 12 बजे बरमसिया नदी में डूबने से तीन वर्षीय बच्ची की मौत हो गयी. मृतका की पहचान सुधीर राय की तीन वर्षीय पुत्री माही कुमारी के रूप में हुई है. पहाड़ी इलाकों में हुई भारी बारिश के बाद बरमसिया नदी में अचानक बाढ़ का पानी आ गया था, जिसकी चपेट में बच्ची आ गयी.

आपके शहर में

विज्ञापन

बर्तन धोने के दौरान अचानक बढ़ा नदी का जलस्तर

जानकारी के अनुसार, माही अपनी मां मधु देवी के साथ गांव के पास बरमसिया नदी के किनारे बर्तन धोने गयी थी. इसी दौरान पहाड़ों पर हुई मूसलाधार बारिश के कारण नदी में अचानक तेज बहाव के साथ बाढ़ का पानी आ गया. देखते ही देखते नदी का जलस्तर बढ़ने लगा.

खतरा भांपकर वहां मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. मधु देवी ने भी अपनी बच्ची माही का हाथ पकड़कर वहां से निकलने का प्रयास किया, लेकिन पानी के तेज बहाव में बच्ची का हाथ मां के हाथ से छूट गया. देखते ही देखते माही तेज धार में बह गयी. मां मधु देवी चीखती-चिल्लाती रही, लेकिन बच्ची पानी की तेज धारा में ओझल हो गयी.

पांच किलोमीटर दूर झाड़ियों में मिला शव

घटना के बाद मधु देवी के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्ची की तलाश शुरू की. ग्रामीणों ने नदी में काफी दूर तक खोजबीन की. कड़ी मशक्कत के बाद घटनास्थल से करीब पांच किलोमीटर दूर नदी किनारे झाड़ियों में बच्ची का शव फंसा मिला.

माही की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. मां मधु देवी समेत परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. बच्ची की मौत के बाद नावाडीह गांव में शोक की लहर है.

अचानक बढ़ता है नदी का जलस्तर

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, नावाडीह टोला चारों ओर से ऊंचे पहाड़ों से घिरा हुआ है. बरसात के मौसम में पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश होने के बाद बरमसिया नदी में अचानक तेज रफ्तार से बाढ़ का पानी आता है. नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से स्थानीय ग्रामीणों और बच्चों के लिए हर साल खतरा बना रहता है.

घटना के बाद परिजनों ने बच्ची के शव को दफना दिया.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola