कस्तूरबा विद्यालय की समस्याओं को लेकर माले का अल्टीमेटम, 30 अगस्त तक सुधार नहीं तो 3 सितंबर से धरना
कस्तूरबा गांधी बालिका उच्च विद्यालय की छात्राओं को हो रही परेशानी के मामले में भाकपा माले ने प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है. शिक्षकों की कमी, सफाई और भोजन संबंधी समस्याओं को लेकर 30 अगस्त तक सुधार की मांग की गई है, अन्यथा 3 सितंबर से धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी गई है.
सतगावां,कोडरमा: प्रखंड के कस्तूरबा गांधी बालिका उच्च विद्यालय की छात्राओं को हो रही परेशानी का मामला सामने आने के बाद राजधनवार के पूर्व विधायक एवं भाकपा माले नेता राजकुमार यादव शनिवार को सतगावां पहुंचे. उन्होंने मामले की जानकारी ली और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय समेत अन्य विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर करने की मांग को लेकर प्रशासन के नाम ज्ञापन सौंपा.
आपके शहर में
ज्ञापन में उन्होंने कहा कि कस्तूरबा विद्यालय में शिक्षकों की भारी कमी के कारण छात्राओं को सड़क पर उतरने के लिए बाध्य होना पड़ा. इस दौरान दर्जनों छात्राओं के बीमार पड़ने की बात भी कही गयी है. उन्होंने आरोप लगाया कि वार्डेन द्वारा शौचालय और विद्यालय की नियमित सफाई नहीं करायी जाती है. रसोइया के रहने के बावजूद छात्राओं से भोजन बनवाया जाता है, जो उचित नहीं है. उन्होंने वार्डेन को सतगावां से हटाने की मांग की.
पोखरडीहा विद्यालय की समस्याओं का भी उठाया मामला
राजकुमार यादव ने पोखरडीहा विद्यालय की समस्याओं का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि विद्यालय में शौचालय और पानी की व्यवस्था नहीं है तथा शिक्षकों की भी भारी कमी है. इसके अलावा क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति भी खराब है.
उन्होंने कहा कि यदि 30 अगस्त तक शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो भाकपा माले की ओर से तीन सितंबर से धरना-प्रदर्शन किया जाएगा.
ये हैं प्रमुख मांगें
माले नेता ने कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं की मांगों को अविलंब पूरा करने, राज्य संपोषित प्लस टू उच्च विद्यालय बासोडीह में शिक्षकों की कमी दूर करने, पोखरडीहा विद्यालय में शिक्षकों की बहाली करने, स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार करने तथा बिजली व्यवस्था दुरुस्त कर 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की मांग की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए