खनिज संशोधन विधेयक को लेकर भाकपा का विरोध, 25 अगस्त को प्रतिवाद मार्च का ऐलान
भाकपा अंचल कमेटी की बैठक
भाकपा अंचल कमेटी की बैठक में केंद्र सरकार द्वारा पारित खनिज संशोधन विधेयक को झारखंड की संपदा लूटने वाला बताया गया. इसके विरोध में 25 अगस्त को प्रतिवाद मार्च निकाला जाएगा. वहीं, पेंशन और राशन कार्ड के मुद्दे पर 29 अगस्त को धरना होगा.
कोडरमा : भाकपा अंचल कमेटी की बैठक लरियाडीह में सहदेव राणा के घर पर सहदेव पंडित की अध्यक्षता में हुई. अंचल मंत्री सुखदेव पांडेय ने कार्य रिपोर्ट प्रस्तुत की.
आपके शहर में
बैठक में भाकपा राष्ट्रीय परिषद सदस्य सह जिप सदस्य महादेव राम ने कहा कि 12 अगस्त को केंद्र सरकार द्वारा पारित खनिज संशोधन विधेयक झारखंड की खनिज संपदा को लूटने और अपने दोस्तों को लाभ पहुंचाने के लिए लाया गया है. उन्होंने कहा कि केंद्र की नजर झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा पर है.
उन्होंने कहा कि खनिज संपदा से मिलने वाले टैक्स से झारखंड का विकास होता था. इस विधेयक के बाद राज्य का विकास प्रभावित होगा. उन्होंने बताया कि विधेयक के विरोध में 25 अगस्त को वाम दलों की ओर से झुमरी तिलैया के कला मंदिर से प्रतिवाद मार्च निकाला जाएगा. मार्च झंडा चौक पहुंचकर सभा में तब्दील होगा. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला और संशोधन विधेयक की प्रति जलायी जाएगी.
पेंशन और राशन कार्ड के मुद्दे पर धरना
अखिल भारतीय नौजवान संघ के जिला अध्यक्ष रंजन कुमार रजक ने कहा कि वृद्धा और विधवा पेंशन पांच महीने से नहीं मिल रही है. गरीबों के राशन कार्ड निरस्त किए जा रहे हैं. इन समस्याओं के विरोध में 29 अगस्त को जिला समाहरणालय में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा.
उन्होंने जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं की सीबीआई से जांच कराने की भी मांग की, ताकि गरीब परिवार के युवाओं को भी नौकरी मिल सके.
मौके पर अंचल मंत्री सुखदेव पांडेय, सिंकदर रजक, संतोष पांडेय, रविकांत पांडेय, नारायण रजक, खूबलाल पंडित, सहदेव राणा, मोहम्मद मंसूर अंसारी, टुकलाल कुमार, जाकिर मिर्जा, सुरेश रजक, द्वारिका मोदी, रोजन अली, द्वारिका सिंह, मनोहर ठाकुर, मोसमात सुमित्रा, मोसमात शांति, सरिता, बुंदिया और बसंती समेत अन्य मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए