झारखंड की खनिज संपदा पर कांग्रेस का हल्लाबोल, राम मंदिर चंदे में पारदर्शिता की भी उठी मांग
जुलूस में शामिल कांग्रेसी. | Prabhat Khabar Network
कोडरमा में कांग्रेस ने खनिज संशोधन अधिनियम और राम मंदिर चंदा मामले में पारदर्शिता की मांग को लेकर किया विशाल धरना-प्रदर्शन। केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध।
कोडरमा: खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम, 2026 और अयोध्या राम मंदिर चंदा मामले में पारदर्शिता व जवाबदेही की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को जिला समाहरणालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया. कार्यक्रम से पहले जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश रजक के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हनुमान मंदिर परिसर से जुलूस निकाला. कार्यकर्ता केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए समाहरणालय पहुंचे, जहां जुलूस धरना-प्रदर्शन में तब्दील हो गया.
आपके शहर में
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश रजक ने की. उन्होंने कहा कि झारखंड की पहचान उसकी समृद्ध खनिज संपदा से है. कोयला, लौह अयस्क समेत अन्य खनिज राज्य की अर्थव्यवस्था, राजस्व, रोजगार और विकास से सीधे जुड़े हैं. उन्होंने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा पर राज्य का अधिकार कमजोर नहीं होने दिया जायेगा.
खनिज संपदा से स्थानीय लोगों को मिले लाभ
प्रकाश रजक ने कहा कि झारखंड की धरती के नीचे मौजूद खनिज केवल प्राकृतिक संसाधन नहीं, बल्कि राज्य की जनता की संपदा हैं. खनन से होने वाली आय का उपयोग पिछड़े क्षेत्रों के विकास, स्थानीय रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने में होना चाहिए.
प्रदेश महासचिव सह जिला संगठन प्रभारी विजय यादव ने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा और राज्य के अधिकारों की अनदेखी कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी. केंद्र सरकार को राज्यों के अधिकारों और संघीय व्यवस्था की भावना का सम्मान करना चाहिए. उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा.
राम मंदिर चंदे में पारदर्शिता की मांग
प्रकाश रजक ने अयोध्या राम मंदिर चंदा मामले का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों देशवासियों की आस्था के केंद्र हैं. मंदिर निर्माण के लिए श्रद्धालुओं ने विश्वास और श्रद्धा के साथ दान दिया है. ऐसे में दान और चंदे के प्रबंधन को लेकर सामने आये आरोपों की निष्पक्ष जांच और पूरी पारदर्शिता जरूरी है.
प्रदेश सचिव मनोज सहाय उर्फ पिंकू ने भी राम मंदिर चंदे से संबंधित शिकायतों और आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की. उन्होंने कहा कि राम मंदिर देश के करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा विषय है, इसलिए श्रद्धालुओं के चंदे से संबंधित किसी भी शिकायत को गंभीरता से लिया जाना चाहिए.
धरना-प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस ने केंद्र सरकार से झारखंड के खनिज और आर्थिक हितों की रक्षा करने, राज्यों के अधिकारों का सम्मान करने तथा राम मंदिर चंदा मामले में निष्पक्ष जांच और पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की.
कार्यक्रम को प्रदेश प्रवक्ता भागीरथ पासवान, जिला उपाध्यक्ष अनिल दास, आनंद कुमार मेहता, दशरथ पासवान, मालती चंद्रा, मिस्बाह उदीन, सैयद नसीम, राजू सिंह, विजय सिंह, फैयाज केसर, कयुम उदीन, प्रदीप सिंह, चांद आलम, पवन कुमार सिंह, मोहम्मद कासिम, संजय शर्मा समेत अन्य नेताओं ने संबोधित किया.
मौके पर बाल गोविंद पांडेय, रामेश्वर यादव, कुमार रवि, असगर अली, राजू दास, गणपत दास, सुभान अली, अहमद अंसारी, पप्पू दास, नजरुल हसन, मोहम्मद सलीम, संजय दास, मोहम्मद साबिर, रेखा देवी, देवंती देवी, अनीता देवी, प्रमिला देवी, यशोदा देवी, मालती देवी, शकुंतला देवी, पार्वती देवी, फरजाना खातून समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए