कोडरमा: पुलिस ने दर्ज मामलों से 132% अधिक कांडों का किया निष्पादन
बैठक में एसपी कुमार शिवाशीष व अन्य पुलिस पदाधिकारी़ | Prabhat Khabar Network
कोडरमा पुलिस ने मासिक अपराध समीक्षा बैठक में सराहनीय कार्य किया है. जिले में दर्ज 120 अपराध कांडों के मुकाबले 158 कांडों का निष्पादन किया गया, जो लक्ष्य से 132% अधिक है. पुलिस अधीक्षक ने मिशन मोड में लंबित कांडों के निपटारे के निर्देश दिए.
कोडरमा. एसपी कुमार शिवाशीष ने बुधवार को मासिक अपराध समीक्षा बैठक में जिले में घटित अपराधों, लंबित कांडों के अनुसंधान और निष्पादन की समीक्षा की. बैठक में बताया गया कि अगस्त 2026 में जिले में विशेष श्रेणी के 64 और सामान्य श्रेणी के 56 समेत कुल 120 कांड दर्ज हुए. इसके मुकाबले विशेष के 84 और सामान्य के 74 समेत कुल 158 कांडों का निष्पादन किया गया.
यह दर्ज कांडों की तुलना में करीब 132 प्रतिशत है. 150 प्रतिशत से अधिक कांडों का निष्पादन करने वाले थाना प्रभारियों को पुलिस अधीक्षक ने पुरस्कृत किया. एसपी ने लंबे समय से लंबित कांडों का अनुसंधान मिशन मोड में पूरा करने का निर्देश दिया. बैठक में महिला अपराध से जुड़े कांडों में अभियुक्तों की गिरफ्तारी, पीड़िता की मेडिकल जांच और न्यायालय में बयान समेत आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए 60 दिनों के अंदर आरोप पत्र दाखिल करने पर जोर दिया गया.
बैठक में जिले में संचालित डायल-112 का रिस्पांस टाइम 8 मिनट 15 सेकेंड बताया गया. पुलिस के अनुसार पिछले तीन माह में विभिन्न कांडों में 228 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है. एसपी ने नशे के कारोबारियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस के तहत कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
अवैध शराब, अफीम और गांजा के कारोबार में शामिल लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई करने को कहा गया. एसपी ने फरियादियों के साथ अच्छा व्यवहार करने और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर विधि-सम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया. बैठक में वाहन चोरी और गृहभेदन की घटनाओं की भी समीक्षा की गयी. एसपी ने गश्ती वाहन, पैंथर आरक्षी और पीसीआर को अधिक सक्रिय रहने, असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने और एंटी क्राइम चेकिंग बढ़ाने का निर्देश दिया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए