Koderma News: आकांक्षी प्रखंड मरकच्चो-जयनगर में केंद्रीय प्रभारी अधिकारी का निरीक्षण, स्कूल से आंगनबाड़ी तक योजनाओं की जमीनी स्थिति परखी
जयनगर में आंगनबाडी केंद्र का निरीक्षण करते. | Prabhat Khabar Network
केंद्रीय प्रभारी राकेश कुमार ने मरकच्चो और जयनगर प्रखंडों में स्वास्थ्य, शिक्षा और सरकारी योजनाओं की प्रगति का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जयनगर, कोडरमा : आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत बुधवार को केंद्रीय प्रभारी अधिकारी राकेश कुमार ने मरकच्चो और जयनगर प्रखंड का भ्रमण कर विभिन्न विकासात्मक गतिविधियों का निरीक्षण किया. इस दौरान उप विकास आयुक्त रवि जैन भी मौजूद थे. अधिकारियों ने स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पोषण और सामाजिक विकास से जुड़ी योजनाओं की प्रगति और जमीनी स्थिति का जायजा लिया.
आपके शहर में
मरकच्चो में स्कूल, पशु चिकित्सालय और जेंडर रिसोर्स सेंटर का निरीक्षण
मरकच्चो भ्रमण के दौरान केंद्रीय प्रभारी अधिकारी ने प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल का निरीक्षण किया. उन्होंने शिक्षा से संबंधित गतिविधियों, आधारभूत संरचना और विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति की जानकारी ली. इसके बाद पशु चिकित्सालय केंद्र का निरीक्षण किया गया, जहां पशुओं के टीकाकरण, विशेष रूप से बोवाइन वैक्सीनेशन से संबंधित कार्यों की जानकारी ली गयी.
उन्होंने जेंडर रिसोर्स सेंटर का भी निरीक्षण किया. यहां महिलाओं के सशक्तीकरण, आजीविका संवर्धन और जेंडर संवेदनशील शासन से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी ली. इस दौरान संबंधित अधिकारियों और कर्मियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.
जयनगर में आंगनबाड़ी और स्वास्थ्य केंद्र का लिया जायजा
जयनगर प्रखंड में केंद्रीय प्रभारी अधिकारी ने विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया. उन्होंने समेकित बाल विकास सेवा विभाग के आंगनबाड़ी केंद्र, उत्क्रमित मध्य विद्यालय पिपचो तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिर चदरापिपराडीह का निरीक्षण किया.
उन्होंने फिल्ड स्तर पर उपलब्ध करायी जा रही पोषण, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की तथा लाभुकों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया. आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान बच्चों के पोषण और प्राथमिक देखभाल से संबंधित गतिविधियों की जानकारी ली.
पात्र लाभुकों तक समय पर पहुंचे योजनाओं का लाभ
केंद्रीय प्रभारी अधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समय पर पहुंचाने का निर्देश दिया. उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जमीनी स्तर पर सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया.
मरकच्चो में निरीक्षण के दौरान जिला योजना पदाधिकारी अनूप कुजूर, जिला शिक्षा अधीक्षक अजय कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी हुलास महतो, जिला पशुपालन पदाधिकारी, आकांक्षी प्रखंड फेलो अंकित कुमार सिंह, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी समेत संबंधित विभागों के पदाधिकारी व कर्मी मौजूद थे.
जयनगर में उप विकास आयुक्त रवि जैन, सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कनक लत्ता, जिला योजना पदाधिकारी अनूप कुजूर, बीडीओ सह प्रभारी सीडीपीओ गौतम कुमार, स्वास्थ्य विभाग के जिला समन्वयक महेश कुमार और आकांक्षी प्रखंड फेलो अशोक कुमार समेत अन्य पदाधिकारी व कर्मी मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए