बैंक ऑफ इंडिया के 121 साल पूरे, झुमरीतिलैया में सेवानिवृत्त कर्मचारियों का हुआ सम्मान
मौके पर एलडीएम व अन्य. | Prabhat Khabar Network
बैंक ऑफ इंडिया के 121वें स्थापना दिवस पर झुमरीतिलैया शाखा में भव्य समारोह आयोजित, विमलकांत झा ने बैंकिंग सेवाओं को लेकर कही यह बात।
कोडरमा. बैंक ऑफ इंडिया के 121वें स्थापना दिवस पर मंगलवार को झुमरीतिलैया शाखा में समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम में बैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त कर्मचारी शामिल हुए. समारोह की शुरुआत केक काटकर की गयी.
इस दौरान बैंक की 121 वर्षों की यात्रा, उपलब्धियों तथा देश के आर्थिक और सामाजिक विकास में बैंक की भूमिका पर चर्चा की गयी. अग्रणी जिला प्रबंधक विमल कांत झा ने कहा कि बैंक की 121 वर्षों की यात्रा ग्राहकों के विश्वास और कर्मचारियों की मेहनत, निष्ठा और समर्पण का परिणाम है. बैंक ने समय के साथ आधुनिक और डिजिटल बैंकिंग सेवाओं को अपनाया है. उन्होंने कहा कि बैंक समाज के अंतिम व्यक्ति तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है.
सेवानिवृत्त कर्मचारियों को किया सम्मानित
समारोह में बैंक के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सम्मानित किया गया. इनमें जय मोदानंद झा, सुधीर शर्मा, सुधीर नाथ मोदी, संतोष कुमार सिन्हा, मीना कुमारी, विजय प्रताप सिंह, काली चरण दास, अवनींद्र कुमार सिंह, भुवनेश्वर मोदी, प्रकाश मोदी और जगरनाथ दास शामिल थे. सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपने कार्यकाल के अनुभव और बैंक से जुड़ी पुरानी यादें साझा कीं.
झुमरीतिलैया शाखा के शाखा प्रबंधक मुकेश कुमार मेहता ने बैंक की उपलब्धियों और भविष्य की चुनौतियों पर अपने विचार रखे. हजारीबाग अंचल के आंचलिक प्रबंधक नरेंद्र कुमार ने ऑनलाइन माध्यम से सेवानिवृत्त कर्मचारियों से बातचीत की और उनके योगदान के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि बैंक की 121 वर्षों की विरासत को आगे बढ़ाना वर्तमान कर्मचारियों की जिम्मेदारी है.
कार्यक्रम में एलडीएम कार्यालय की मीनू करमाली, रंजीत कुमार, अरुण कुमार समेत शाखा के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे. अंत में शाखा प्रबंधक मुकेश कुमार मेहता ने सभी अतिथियों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के प्रति आभार जताया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए