तिलैया में खुद को थाना प्रभारी बताकर स्मार्ट बाजार में खरीदारी करने पहुंचा युवक, 2000 का बिल आते ही खुला राज
स्मार्ट बाजार मे खुद को थाना प्रभारी बता खरीददारी करते युवक पकड़ाया : प्रतीकात्क फोटो
झुमरीतिलैया के स्मार्ट बाजार में थाना प्रभारी बनकर बिल चुकाने से बचने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया. मामले की जांच जारी है.
कोडरमा : झुमरीतिलैया थाना क्षेत्र स्थित स्मार्ट बाजार में खरीदारी करने पहुंचे एक युवक ने कथित रूप से खुद को तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार बताया. खरीदारी के बाद करीब 2000 रुपये का बिल हुआ. स्मार्ट बाजार के कर्मियों ने जब युवक से बिल का भुगतान करने को कहा, तो उसने कथित तौर पर थाना प्रभारी के नाम का परिचय दिया.
आपके शहर में
युवक के परिचय पर स्मार्ट बाजार के कर्मियों को संदेह हुआ. उन्होंने मामले की पुष्टि के लिए तिलैया थाना के पैंथर जवानों को सूचना देकर मौके पर बुलाया. सूचना मिलने पर जवान स्मार्ट बाजार पहुंचे और युवक से पूछताछ की.
पूछताछ में सामने आया युवक का नाम
पुलिस की पूछताछ में युवक ने अपना नाम शुभम कुमार (25), पिता गणेश कुमार बताया. इसके बाद पुलिसकर्मियों ने स्मार्ट बाजार के मैनेजर को बताया कि युवक थाना प्रभारी के नाम का झांसा देकर बिना बिल का भुगतान किये वहां से निकलने का प्रयास कर रहा था.
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस युवक को हिरासत में लेकर तिलैया थाना ले गयी. वहां उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
पुलिस लाइन में चालक हैं युवक के पिता
बताया गया कि शुभम कुमार के पिता चंदवारा थाना की पुलिस लाइन में चालक के पद पर कार्यरत हैं. युवक ने स्मार्ट बाजार में खुद को तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार बताने का प्रयास क्यों किया और इसके पीछे उसकी क्या मंशा थी, पुलिस इसकी जानकारी जुटा रही है.
पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. पूछताछ के बाद मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें: कोडरमा में बसुंधरा पेट्रोल पंप के पास बरगद का पेड़ गिरा, सड़क जाम से आवागमन प्रभावित
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए