JPSC- JSSC की कथित धांधली की सीबीआइ जांच की मांग, भाजपा ने किया प्रदर्शन
समाहरणालय के समक्ष प्रदर्शन करते भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता | Prabhat Khabar Network
झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षा में धांधली के खिलाफ भाजपा ने किया प्रदर्शन. सीबीआई जांच और छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग की गई.
खूंटी. जेपीएससी-जेएसएससी की विभिन्न परीक्षाओं में कथित धांधली की सीबीआइ जांच कराने और छात्र आंदोलन के दौरान दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग को लेकर शुक्रवार को भाजपा ने समाहरणालय के समक्ष प्रदर्शन किया. कचहरी मैदान से भाजपा कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला. कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए समाहरणालय पहुंचे.
युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप
यहां भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू ने कहा कि झारखंड सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है. गांव, किसान, मजदूर और गरीब परिवारों के बच्चे रात-दिन मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन उन्हें नौकरियों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की नौकरियों में दूसरे राज्यों के छात्रों को अवसर दिया जा रहा है.
सीबीआइ जांच और कार्रवाई की मांग
उन्होंने जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में हुई कथित धांधली की सीबीआइ जांच कराने की मांग की. साहू ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं और छात्रों को प्रताड़ित नहीं किया जाना चाहिए. सरकार जनता के साथ अन्याय न करे. उन्होंने परीक्षा में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों और आयोग के सदस्यों पर कार्रवाई की मांग की.
छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग
कार्यक्रम को हटिया विधायक नवीन जायसवाल, पूर्व विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा, पूर्व विधायक कोचे मुंडा और खूंटी जिला प्रभारी सुनीता सिंह ने भी संबोधित किया. वक्ताओं ने छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने, परीक्षा धांधली की सीबीआइ जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की.
मौके पर जिला अध्यक्ष आनंद कुमार, नगर पंचायत अध्यक्ष रानी टूटी, निखिल कंडुलना, काशीनाथ महतो, ओपी कश्यप, रूपेश जायसवाल, मनोज कुमार, संतोष जायसवाल, अनूप साहू, प्रियंक भगत और संजय साहू समेत अन्य उपस्थित थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए