आम्रेश्वर धाम में श्रावणी मेले की तैयारियों की डीसी-एसपी ने की समीक्षा, दिये जरूरी निर्देश
बैठक में उपायुक्त, एसपी सहित अन्य अधिकारी | Prabhat Khabar Network
खूंटी के आम्रेश्वर धाम में श्रावणी मेले की तैयारियों को लेकर डीसी और एसपी ने बैठक की। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश।
खूंटी. अंगराबारी स्थित आम्रेश्वर धाम में श्रावणी मेले की तैयारी को लेकर शनिवार को बाबा आम्रेश्वर धाम मंदिर परिसर स्थित सभागार में उपायुक्त जावेद हुसैन की अध्यक्षता में बैठक की गयी. बैठक में जिला प्रशासन की टीम और बाबा आम्रेश्वर धाम प्रबंध समिति के पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए. इस अवसर पर उपायुक्त ने आम्रेश्वर धाम में लगनेवाले श्रावणी मेले के संबंध में जानकारी ली. उन्होंने कहा कि श्रावण माह में आम्रेश्वर धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलार्पण के लिए पहुंचते हैं.
आपके शहर में
श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जायेगा. उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय पर सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने मंदिर और आसपास के क्षेत्रों की नियमित साफ-सफाई, पेयजल उपलब्धता, मोबाइल और स्थायी शौचालयों की व्यवस्था करने का निर्देश दिया. वहीं निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस बल और स्वयंसेवकों की प्रतिनियुक्ति, सड़क मरम्मत, पार्किंग व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधा, पारा मेडिकल टीम, एम्बुलेंस एवं अग्निशमन वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कहा.
उपायुक्त ने मंदिर मार्ग और आसपास की सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों की साफ-सफाई कराने तथा आवश्यकता अनुसार सड़क मरम्मत करने का निर्देश दिया. बनई नदी और आम्रेश्वर धाम परिसर स्थित तालाब के समीप गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति करने के लिए कहा. उन्होंने ट्रैफिक डायवर्सन, बैरिकेडिंग, साइनेज, एलइडी स्क्रीन, भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली. मंदिर प्रबंधन समिति को सीसीटीवी कैमरों को पूरी तरह क्रियाशील रखने, श्रद्धालुओं के लिए कतार की व्यवस्था करने तथा स्वयंसेवकों को सक्रिय रखने के लिए कहा. बैठक में मंदिर प्रबंधन समिति ने भी कई सुझाव और प्रस्ताव रखा. पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की व्यवस्था रहेगी. मेले के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की जाएगी. संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत मॉनिटरिंग की जायेगी.
उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने, यातायात व्यवस्था में सहयोग करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस अथवा नियंत्रण कक्ष को सूचित करने की अपील की. बैठक के बाद उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने बाबा आम्रेश्वर धाम मंदिर परिसर का निरीक्षण किया. उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रावणी मेला 2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न कराने का निर्देश दिया. मौके पर डीडीसी प्रवीण कुमार प्रकाश, एसडीओ दीपेश कुमारी, एसडीपीओ सहित सभी अधिकारी, बाबा आम्रेश्वर धाम प्रबंध समिति के अध्यक्ष लाल ज्ञानेंद्र नाथ शहदेव, महामंत्री मनोज कुमार सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Loading Review Hub...
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए