एडमिशन सीट बढ़ाने की मांग पर सड़क पर उतरे विद्यार्थी, एबीवीपी ने दी आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शन करते एवीबीपी के कार्यकर्ता और विद्यार्थी | Prabhat Khabar Network
बिरसा कॉलेज खूंटी में स्नातक सीटों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर एबीवीपी ने किया जोरदार प्रदर्शन. छात्रों ने उच्च शिक्षा से वंचित होने पर जताई चिंता.
खूंटी. बिरसा कॉलेज खूंटी में स्नातक स्तर पर नामांकन की सीटों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर शनिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने प्रदर्शन किया. इस अवसर पर बिरसा कॉलेज स्थित भगवान बिरसा मुंडा के प्रतिमा के नीचे एकत्रित होकर विद्यार्थियों ने प्रदर्शन किया. विद्यार्थियों ने कहा कि स्नातक की सीटों में कमी होने से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के सामने उच्च शिक्षा से वंचित होने की स्थिति उत्पन्न हो गई है.
आपके शहर में
कहा कि कॉलेज में सीटों की संख्या क्षेत्र की वास्तविक शैक्षणिक आवश्यकता के अनुरूप होनी चाहिए. एबीवीपी प्रदेश मंत्री प्रकाश टुटी ने कहा कि बिरसा कॉलेज केवल खूंटी के गरीब, ग्रामीण और आदिवासी परिवारों के हजारों बच्चों के सपनों का केंद्र है. यदि सीटों की कमी के कारण कोई बच्चा उच्च शिक्षा से वंचित होता है, तो यह केवल उस विद्यार्थी की समस्या नहीं, बल्कि पूरे परिवार के भविष्य से जुड़ा सवाल है. संगठन ने इस विषय को संबंधित अधिकारियों के समक्ष पहले भी रखा है और सीटों की संख्या बढ़ाने की मांग की है.
उन्होंने कहा कि यदि सीटों की संख्या बढ़ाने को लेकर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो एबीवीपी विद्यार्थियों के साथ मिलकर आंदोलन करेगी. क्षेत्रीय प्रमुख रवि अग्रवाल ने कहा हमारे कई साथी ऐसे हैं जिनका एडमिशन केवल सीट उपलब्ध नहीं होने के कारण नहीं हो पाया है. इनमें अधिकांश सामान्य परिवार और ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले विद्यार्थी हैं. हम चाहते हैं कि किसी विद्यार्थी को सिर्फ सीट की कमी के कारण पढ़ाई छोड़ने की स्थिति में न आना पड़े. कार्यक्रम को रीना ओड़ेया, सुखराम हेमरोम, सुषांति ने भी संबोधित किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए