झारखंड में तापमान के उतार-चढ़ाव से बढ़ी परेशानी, रांची का पारा 10 डिग्री से नीचे

झारखंड में तापमान का उतार-चढ़ाव जारी.
Jharkhand Weather Updates: झारखंड में तापमान के उतार-चढ़ाव से लोगों की परेशानी बढ़ गई है. रांची का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है. दिन में तेज धूप और सुबह-शाम ठंड का असर दिख रहा है. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में बदलाव जारी रहने का अनुमान जताया है. नीचे पूरी खबर पढ़ें.
Jharkhand Weather Updates: झारखंड में फरवरी के दूसरे हफ्ते में मौसम का मिजाज लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है. दिन में तेज धूप निकल रही है, जिससे गर्मी का अहसास हो रहा है, जबकि सुबह और शाम में ठंडी हवाओं के साथ बर्फीली ठंड महसूस की जा रही है. तापमान के इस उतार-चढ़ाव ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों की दिक्कतें बढ़ा दी हैं. राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है. मौसम विज्ञान विभाग के रांची केंद्र के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक यही स्थिति बनी रह सकती है.
रांची का पारा 10 डिग्री से नीचे, बढ़ी कंपकंपी
मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, 2 फरवरी को रांची का न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. इसके अगले दिन तापमान बढ़कर 13 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया. करीब तीन-चार दिनों तक न्यूनतम तापमान 13 डिग्री के आसपास बना रहा, लेकिन 7 फरवरी को अचानक गिरावट दर्ज की गई और तापमान 10 डिग्री के करीब पहुंच गया. रविवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया. वहीं, अधिकतम तापमान 25 डिग्री के आसपास बना रहा. इस वजह से दिन और रात के तापमान में 14 से 15 डिग्री सेल्सियस तक का अंतर देखने को मिल रहा है.
स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है तापमान का उतार-चढ़ाव
मौसम विभाग के रांची के प्रमुख डॉ बाबूराज पीपी के अनुसार, अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच इतना ज्यादा अंतर स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है. दिन में लोग हल्के कपड़ों में बाहर निकल रहे हैं, जबकि सुबह-शाम ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों की जरूरत पड़ रही है. इस बदलाव का असर सर्दी-खांसी, बुखार और सांस से जुड़ी समस्याओं के मरीजों पर ज्यादा पड़ रहा है. अस्पतालों में मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या भी धीरे-धीरे बढ़ रही है.
जिलों में कैसा रहेगा तापमान
पूर्वोत्तर झारखंड के देवघर, धनबाद, जामताड़ा और पाकुड़ में अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान 27 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. न्यूनतम तापमान 10 से 14 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है. गिरिडीह और दुमका में भी तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. उत्तर-पश्चिम झारखंड के कोडरमा, चतरा, गढ़वा और पलामू में दिन का तापमान 29 से 31 डिग्री तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 8 से 12 डिग्री के बीच रहेगा. कुछ इलाकों में रात की ठंड अभी बनी रहेगी.
रामगढ़-रांची में ठंड बरकरार
मध्य झारखंड के बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़ और रांची में अधिकतम तापमान 25 से 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा. वहीं न्यूनतम तापमान 9 से 12 डिग्री के बीच बना रह सकता है. दक्षिण झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में दिन में गर्मी ज्यादा महसूस होगी. यहां अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 11 से 14 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है.
इसे भी पढ़ें: झींकपानी में 150 महिलाएं मंईयां सम्मान योजना से वंचित, मंत्री का कार्यालय घेरा
14 फरवरी तक शुष्क रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने बताया है कि 14 फरवरी तक पूरे झारखंड में मौसम शुष्क रहेगा. आसमान में हल्के बादल छा सकते हैं, लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है. अगले एक-दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होगी. फिर इसके बाद फिर गिरावट आ सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे दिन और रात के तापमान के अंतर को ध्यान में रखते हुए सतर्क रहें और स्वास्थ्य का खास ख्याल रखें.
इसे भी पढ़ें: धनबाद में रिकवरी एजेंट का अपहरण, फिर कैंची घोंपकर हत्या
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




