ePaper

एक बार फिर बदल सकता है झारखंड का मौसम, येलो अलर्ट जारी

Updated at : 05 Feb 2026 7:47 AM (IST)
विज्ञापन
Jharkhand Weather Report

झारखंड में पश्चिमी विक्षोभ के चलते ठंड फिर बढ़ सकती है.

Jharkhand Weather Report: पश्चिमी विक्षोभ के कारण झारखंड में मौसम बदल सकता है. कई जिलों में घना कोहरा और ठंडी हवा का असर रहेगा. गढ़वा, पलामू और चतरा में येलो अलर्ट जारी किया गया है. अगले चार दिनों में तापमान में गिरावट के आसार हैं. पूरी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

Jharkhand Weather Report: झारखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने के संकेत मिल रहे हैं. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण राज्य के अधिकांश जिलों में ठंड और कोहरे का असर बढ़ सकता है. मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक सुबह के समय घना कुहासा छाने की संभावना है, जिससे जनजीवन और यातायात प्रभावित हो सकता है. इसे देखते हुए कुछ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है.

पश्चिमी विक्षोभ से बढ़ेगी ठंड, कोहरे का असर

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है. सुबह और देर रात ठंडी हवा चलने से ठंड का अहसास बढ़ेगा. खासकर ग्रामीण और खुले इलाकों में कोहरे का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है.

इन जिलों में घने कोहरे का अलर्ट

गढ़वा, पलामू और चतरा जिलों में घना कोहरा छाने की आशंका जताई गई है. यहां विजिबिलिटी 50 से 200 मीटर तक सिमट सकती है. मौसम विज्ञान केंद्र ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए वाहन चालकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है. सुबह और रात के समय हाईवे और ग्रामीण सड़कों पर दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ सकती है.

शहरों का तापमान कैसा रहा

बुधवार को झारखंड के विभिन्न शहरों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला. सबसे अधिक तापमान चाईबासा में 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान कांके में 10.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. रांची में अधिकतम तापमान 26.6 और न्यूनतम 13.1 डिग्री रहा. जमशेदपुर में तापमान 30.1 से 15 डिग्री के बीच रहा. मेदिनीनगर में अधिकतम 27.6 और न्यूनतम 13.1 डिग्री दर्ज किया गया. बोकारो में 29.1 और 13.6 डिग्री तापमान रहा. लोहरदगा में न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री तक गिर गया, जिससे ठंड का असर साफ महसूस किया गया.

वसंत पंचमी के बाद भी सुबह की ठंड बरकरार

वसंत पंचमी के बाद धीरे-धीरे ठंड कम होने की उम्मीद थी, लेकिन सुबह-सुबह छाने वाला कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है. बुधवार की सुबह करीब पांच बजे से आठ बजे तक कई इलाकों में घना कोहरा देखा गया. इस दौरान काम पर जाने वाले लोगों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ा. वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा.

धनबाद में रात की ठंड बढ़ने के आसार

धनबाद में सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ने की संभावना है. न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आ सकती है. अगर ऐसा हुआ तो ठंड फिर से तेज महसूस होगी. हालांकि दिन का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रह सकता है. बुधवार को धनबाद का अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 14 डिग्री दर्ज किया गया.

इसे भी पढ़ें: गुरुजी का विजन और बढ़ता जनाधार झामुमो की असली ताकत, 1973 में मनाया गया था पहला स्थापना दिवस

तेज हवा से बढ़ी ठंड

दिन में तेज धूप के बावजूद हवा के कारण लोगों को हल्की ठंड का अहसास होता रहा. दोपहर 11 बजे के बाद धूप में बैठना मुश्किल हो गया, लेकिन हवा चलने से शाम और देर रात तक ठंड बनी रही. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में सुबह और रात के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है.

इसे भी पढ़ें: Jharkhand Weather Updates: झारखंड में बदला मौसम का मिजाज, एक बार फिर बढ़ेगी ठिठुरन

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola