Jharkhand Weather Forecast: झारखंड में कनकनी फिर छुड़ाएगी पसीना, दो दिन बढ़ेगा पारा

झारखंड में मौसम में बदलाव होगा.
Jharkhand Weather Forecast: झारखंड में अगले दो दिनों तक तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी. सुबह कोहरा और दिन में आंशिक बादल छाए रहेंगे. पांच फरवरी से न्यूनतम तापमान में गिरावट के संकेत हैं. नीचे रांची, जमशेदपुर, धनबाद, गुमला सहित सभी जिलों का मौसम पूर्वानुमान पढ़ें.
Jharkhand Weather Forecast: झारखंड में मौसम का उतार-चढ़ाव लगातार लोगों को परेशान कर रहा है. एक तरफ सुबह और रात के समय कनकनी महसूस हो रही है, तो दूसरी ओर दिन में तेज धूप के कारण गर्मी पसीना छुड़ा रही है. मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार अगले कुछ दिनों तक राज्य में यही डबल मिजाज देखने को मिलेगा.
दो दिन बढ़ेगा पारा, फिर लौटेगी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार 3 और 4 फरवरी को न्यूनतम तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है. इस दौरान सुबह हल्का कोहरा और दिन में आंशिक बादल छाए रहेंगे, जबकि मौसम शुष्क रहेगा. हालांकि 5 फरवरी से मौसम का मिज़ाज फिर बदल सकता है और अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है.
सुबह कोहरा, दिन में साफ आसमान
पूर्वानुमान के मुताबिक 5 फरवरी से राज्य के कई जिलों में सुबह कुहासा छाया रहेगा, जबकि दिन में आसमान साफ रहेगा. साफ मौसम के कारण दिन का तापमान बढ़ेगा, जिससे दोपहर में हल्की गर्मी महसूस होगी. खासकर शहरों और मैदानी इलाकों में धूप का असर ज्यादा रहेगा.
चाईबासा सबसे गर्म
सोमवार को झारखंड में सबसे कम न्यूनतम तापमान गुमला में दर्ज किया गया, जहां पारा 7.8 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं सबसे अधिक अधिकतम तापमान चाईबासा में 31.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. राजधानी रांची का न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री और मेदिनीनगर का 9.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले 24 घंटे में क्रमशः 0.2 और 0.8 डिग्री की गिरावट दर्शाता है.
दिन में गर्मी, रात में ठंड
राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री और न्यूनतम 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 14.4 डिग्री रहा. बोकारो, हजारीबाग, खूंटी और लोहरदगा जैसे जिलों में भी दिन और रात के तापमान में साफ अंतर देखने को मिल रहा है, जिससे लोग मौसम को लेकर असमंजस में हैं.
उत्तर-पश्चिमी झारखंड में बढ़ेगा तापमान
पूर्वी झारखंड के देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा और पाकुड़ में अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान 26 से 29 डिग्री के बीच रहने की संभावना है. वहीं न्यूनतम तापमान 9 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. उत्तर-पश्चिमी झारखंड के कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा और पलामू में भी दिन का तापमान 25 से 28 डिग्री तक जा सकता है, जबकि रात में ठंड बढ़ने के संकेत हैं.
दक्षिण झारखंड रहेगा सबसे गर्म
दक्षिण झारखंड के ईस्ट सिंहभूम, सरायकेला, वेस्ट सिंहभूम और सिमडेगा में सबसे अधिक गर्मी महसूस की जाएगी. यहां अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. हालांकि रात में न्यूनतम तापमान 10 से 16 डिग्री के बीच रहेगा, जिससे ठंड बनी रहेगी.
स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहने की जरूरत
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि दिन और रात के तापमान में ज्यादा अंतर होने के कारण सर्दी, खांसी और बुखार जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं. खासकर बुजुर्गों और बच्चों को सुबह और रात के समय गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी गई है. वहीं दोपहर में धूप से बचाव के लिए हल्के कपड़े और पर्याप्त पानी पीना जरूरी है.
इसे भी पढ़ें: अबुआ दिशोम बजट के लिए यूपीएससी अभ्यर्थी की 8 मांगें मंजूर, आप भी दे सकतें है अपना सुझाव
मौसम रहेगा शुष्क
कुल मिलाकर झारखंड में अगले एक हफ्ते तक मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा. दो दिन गर्मी बढ़ेगी, उसके बाद फिर ठंड लौट सकती है. ऐसे में लोगों को मौसम के मुताबिक खुद को ढालकर चलने की जरूरत है.
इसे भी पढ़ें: अमेरिका, चीन, रूस, भारत और पाकिस्तान में सबसे अधिक किस देश में वसूला जाता है इनकम टैक्स? पढ़ें रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




