झारखंड मेयर चुनाव परिणामों ने राजनीतिक चाणक्यों को चौंकाया, हिल गए दलों के पारंपरिक गढ़

हजारीबाग के नवनिर्वाचित मेयर अरविंद्र राणा (बाएं ऊपर), गिरिडीह की प्रमिला मेहरा (दाएं ऊपर), मानगो की सुधा गुप्ता (बाएं नीचे) और धनबाद के संजीव सिंह (बाएं नीचे). फोटो: प्रभात खबर
Jharkhand Mayor Election: झारखंड मेयर चुनाव परिणामों ने राजनीतिक समीकरण बदल दिए. हजारीबाग में निर्दलीय अरविंद राणा ने जीत दर्ज की. आदित्यपुर, मानगो, गिरिडीह और चास में भी चौंकाने वाले नतीजे आए. मतदाताओं ने दलों से ज्यादा स्थानीय मुद्दों और व्यक्तित्व को प्राथमिकता दी. कई पारंपरिक गढ़ हिल गए. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.
Jharkhand Mayor Election: झारखंड में मेयर चुनाव के परिणामों ने तमाम राजनीतिक चाणक्यों को चौंकाकर रख दिया है. इस बार के मेयर चुनाव परिणामों ने न केवल सभी तरह के समीकरणों को बदलकर रख दिया है, बल्कि राजनीतिक दलों के कई पारंपरिक गढ़ों को भी हिलाकर रख दिया है. इसका जीता-जागता उदाहरण आदित्यपुर हजारीबाग सीट है.
आदित्यपुर में भाजपा समर्थित संजय सरदार ने मजबूत बूथ मैनेजमेंट के दम पर जीत दर्ज की, तो हजारीबाग में निर्दलीय अरविंद कुमार राणा ने जनसंपर्क और अनोखे भिक्षाटन अभियान से बाजी मार ली. मानगो में कांग्रेस समर्थित सुधा गुप्ता ने बड़ी जीत के साथ सियासी तस्वीर बदल दी, जबकि गिरिडीह में झामुमो समर्थित प्रमिला मेहरा ने भाजपा के गढ़ में सेंध लगा इतिहास रचा. धनबाद में संजीव सिंह बढ़त बनाए हुए हैं. चास में भोलू पासवान ने पिछड़ने के बाद जीत हासिल की. वहीं, मेदिनीनगर से भाजपा समर्थित अरुणा शंकर ने जीत दर्ज की. चुनाव परिणामों ने स्पष्ट कर दिया है कि इस बार मतदाताओं ने स्थानीय मुद्दों और व्यक्तित्व को प्राथमिकता दी है.
हजारीबाग में मतदाताओं ने अरविंद राणा पर जताया भरोसा
हजारीबाग नगर निगम चुनाव में इस बार मतदाताओं ने पारंपरिक राजनीतिक समीकरणों को दरकिनार करते हुए निर्दलीय प्रत्याशी अरविंद कुमार राणा (23,500) पर भरोसा जताया. आठ प्रत्याशियों के बीच हुए मुकाबले में अरविंद राणा ने निर्दलीय उम्मीदवार मो सरफराज (18847), भाजपा समर्थित सुदेश कुमार, झामुमो समर्थित विकास कुमार राणा, कांग्रेस समर्थित मो तस्लीम और जेएलकेएम समर्थित अमरेंद्र नारायण सहित दूसरे उम्मीदवारों को पराजित कर महापौर पद पर जीत दर्ज की.
अरविंद ने घर-घर भिक्षाटन कर लोगों को जोड़ा
चुनाव प्रचार के दौरान अरविंद कुमार राणा की रणनीति सबसे अलग रही. उन्होंने नगर निगम क्षेत्र के लगभग हर घर तक पहुंच कर 10 रुपये के भिक्षाटन के माध्यम से मतदाताओं से समर्थन मांगा. इस अनोखे और भावनात्मक अभियान ने लोगों का ध्यान खींचा और उन्हें जनसामान्य से सीधे जोड़ दिया. दूसरे स्थान पर रहे सरफराज अहमद मतदाताओं के ध्रुवीकरण में उलझ गए. दूसरी ओर राजनीतिक दलों के समर्थित उम्मीदवार मुख्य रूप से रोड शो और बैठक तक ही सीमित रह गए.
इसे भी पढ़ें: रांची में चमक गई रोशनी, 1.57 लाख से अधिक वोट पाकर बनी शहर की सरकार
मतदाताओं की दिखी नाराजगी
झारखंड के मेयर पद के चुनाव परिणामों में मतदाताओं की नाराजगी स्पष्ट दिखी. स्थानीय लोगों का मानना था कि पूर्व में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को नगर परिषद और नगर निगम चुनाव में भारी मतों से जीत मिली, लेकिन अपेक्षित विकास कार्य धरातल पर नजर नहीं आए. पूर्व मेयर का कार्यकाल भी विवादों में रहा, जिससे मतदाताओं में असंतोष पनपा. पेशे से वकील और पत्रकार अरविंद कुमार राणा सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहे हैं. विशेषकर छठ महापर्व पर कम दरों में फल एवं पूजा सामग्री उपलब्ध कराने की पहल को लोगों ने सराहा.
इसे भी पढ़ें: जीत के बाद एक्शन में सरायकेला के नगर अध्यक्ष मनोज चौधरी, जलापूर्ति कराने पहुंचे पीएचडी कार्यालय
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




