झारखंड निकाय चुनाव: रोशनी खलखो की बड़ी बढ़त, कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार पीछे

दुमका के मतदान केंद्रों पर मतों की गिनती करते मतदानकर्मी. फोटो: प्रभात खबर
Jharkhand Civic Polls Results: झारखंड के 48 निकाय चुनावों का परिणाम आज आ जाएगा. आज 27 फरवरी को ही फैसला हो जाएगा कि किसके सिर पर ताज सजेगा और किसे हार का सामना करना पड़ेगा. झारखंड के विभिन्न काउंटिंग सेंटरों पर मतों की गिनती जारी है. पल-पल के अपडेट के लिए आप हमारे साथ जुड़े रहें और इससे संबंधित अपडेट को नीचे पढ़ते रहें.
Jharkhand Civic Polls Results, रांची : रांची नगर निगम में मतगणना के बीच मेयर पद के चुनाव में तस्वीर साफ होती नजर आ रही है. ताजा रुझानों के अनुसार भाजपा समर्थित प्रत्याशी रोशनी खलखो ने बड़ी बढ़त बना ली है. दूसरे स्थान पर कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी रमा खलखो चल रही हैं. जानकारी के मुताबिक रोशनी खलखो लगातार अपनी बढ़त मजबूत कर रही हैं. इधर, वार्ड स्तर पर भी नतीजे सामने आ चुके हैं. वार्ड संख्या 2 से सबिता कच्छप ने जीत दर्ज कर ली है. वहीं अभी भी कई मतगणना केंद्रों पर वोटों की गिनती जारी है और लगातार परिणाम घोषित किये जा रहे हैं.
हजारीबाग के नये मेयर बने अरविंद कुमार राणा
अरविंद कुमार राणा ने हजारीबाग नगर निगम मेयर का चुनाव जीत लिया है. उन्हें कुल 23500 वोट मिले हैं. उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सरफराज अहमद को 4657 वोटों से हरा दिया है. सरफराज को 18847 वोट मिले हैं.
धनबाद नगर निगम से संजीव सिंह आगे
झारखंड नगर निकाय चुनाव के तहत धनबाद नगर निगम के महापौर पद के लिए मतगणना के प्रथम राउंड के बाद प्रत्याशियों को मिले वोटों की संख्या जारी कर दी गयी है. यह जानकारी जिला जनसंपर्क कार्यालय, धनबाद की ओर यह सूचना जारी की गयी है. इसके मुताबिक पहले राउंड की गिनती के बाद संजीव सिंह ने सबसे अधिक 15,791 वोट प्राप्त कर मजबूत बढ़त बना ली है. उनके बाद झामुमो समर्थित प्रत्याशी चंद्र शेखर अग्रवाल को 10,524 वोट और बीजेपी समर्थित कैंडिडेट संजीव कुमार को 8,645 वोट मिले हैं.
चाकुलिया नगर पंचायत झामुमो समर्थित कैंडिडेट की जीत
चाकुलिया नगर पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में झामुमो समर्थित प्रत्याशी सोमवारी सोरेन ने शानदार जीत दर्ज की है. अंतिम परिणाम के अनुसार सोमवारी सोरेन को 3,445 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा समर्थित प्रत्याशी चंदना मुर्मू को 2,718 मत मिले. इस तरह सोमवारी सोरेन ने 727 मतों के अंतर से जीत हासिल की. मतगणना पूरी होते ही झामुमो समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा गया. समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया. चुनाव के शुरुआती राउंड से ही सोमवारी सोरेन बढ़त बनाए हुए थीं, जो अंत तक कायम रही. वहीं, चंदना मुर्मू के समर्थकों में परिणाम के बाद निराशा देखी गयी. प्रशासन की ओर से मतगणना के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे.
रांची नगर निगम से रोशनी खलखो आगे
रांची नगर निगम से बड़ी खबर सामने आ रही है. दूसरे राउंड में बीजेपी समर्थित प्रत्याशी रोशनी खलखो 22,500 वोटों से आगे चल रही हैं. दूसरी तरफ खूंटी नगर पंचायत चुनाव का परिणाम सामने आ चुका है. इसके मुताबिक बीजेपी समर्थित उम्मीदवार रानी टूटी ने जीत हासिल की. दूसरे स्थान पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार मनोनीत बोदरा रहे. उन्हें 5298 वोट मिले.
रीता चौरसिया आगे
देवघर नगर निगम मेयर चुनाव की मतगणना के दूसरे राउंड में वार्ड संख्या 11 तक की गिनती पूरी हो चुकी है. ताजा रुझानों में मुकाबले की तस्वीर काफी हद तक साफ होती नजर आ रही है. अब तक की गिनती में रीता चौरसिया आगे चल रही हैं. उन्हें 6,470 वोट प्राप्त हुए हैं. दूसरे स्थान पर झामुमो समर्थित उम्मीदवार रवि रावत हैं, जिन्हें अब तक 4,700 वोट मिले हैं. वहीं, बाबा बलिया को 2,510 वोट प्राप्त हुए हैं और वे तीसरे स्थान पर चल रहे हैं.
डोमचांच नगर पंचायत से बीजेपी समर्थित प्रत्याशी की जीत तय
डोमचांच नगर पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी उमेश वर्मा की जीत लगभग तय मानी जा रही है. मतगणना के दौरान खुद को लगातार पिछड़ता देख झामुमो समर्थित प्रत्याशी पप्पू मेहता मतगणना केंद्र से बाहर निकल गये हैं. उनके समर्थकों में भी भारी मायूसी देखी गयी. हालांकि अब तक बीजेपी समर्थित कैंडिडेट उमेश वर्मा की जीत की आधिकारिक घोषणा अब तक नहीं की गयी है.
हजारीबाग नगर निगम चुनाव में मेयर पद के लिए मुकाबला रोमांचक
हजारीबाग नगर निगम मेयर चुनाव में मुकाबला बेहद रोमांचक नजर आ रहा है. शुरुआती रुझानों में अरविंद कुमार राणा ने बढ़त बना ली है. उन्हें पहले राउंड में कुल 10,878 वोट मिले हैं. उनके ठीक पीछे मो सरफराज हैं, जिन्हें 10,644 वोट प्राप्त हुए. दोनों के बीच महज 234 मतों का अंतर है, जिससे चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो गया है. बीजेपी समर्थित उम्मीदवार सुदेश चंद्रवंशी तीसरे स्थान पर रहे. उन्हें पहले राउंड में 8,202 वोट मिले. वहीं, झामुमो प्रत्याशी विकास कुमार राणा को 5,670 वोट प्राप्त हुए और वे चौथे स्थान पर रहे.
रामगढ़ नगर परिषद अध्यक्ष की रेस में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी आगे
रामगढ़ जिला के अंतर्गत रामगढ़ नगर परिषद अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार कुसुम लता कुमारी बढ़त बनाये हुए हैं. ताजा मतगणना रुझानों के अनुसार वे अपने प्रतिद्वंद्वियों से आगे चल रही हैं. दूसरे स्थान पर प्रिया कुमारी बनी हुई हैं, जिन्हें अब तक 4882 मत प्राप्त हुए हैं. वहीं, तीसरे स्थान पर रेनु देवी काबिज हैं, जिन्हें 2049 वोट मिले हैं. मतगणना के रुझान सामने आने के बाद कांग्रेस समर्थकों में खासा उत्साह है.
सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष की रेस झामुमो समर्थित उम्मीदवार आगे
सरायकेला जिला अंतर्गत सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए पहले राउंड की मतगणना संपन्न हो गयी है. पहले दौर की मतगणना के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा समर्थित प्रत्याशी मनोज कुमार चौधरी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी समर्थित प्रत्याशी सुमित कुमार चौधरी पर 141 मतों की बढ़त बना ली है. पहले राउंड में कुल 3497 मत वैध पाये गये. घोषित आंकड़ों के अनुसार जलेश कवि को 435, प्रताप आदित्य सिंहदेव को 553, प्रदीप आचार्य को 38, मनोज कुमार चौधरी को 818, सनंद कुमार आचार्य को 667, सनातन मुंडा को 309 तथा सुमित कुमार चौधरी को 677 मत प्राप्त हुए हैं. अध्यक्ष पद के लिए अभी एक और दौर की मतगणना शेष है. अंतिम परिणाम आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी. मतगणना केंद्र के बाहर प्रत्याशियों व समर्थकों की नजरें अगले राउंड पर टिकी हुई हैं.
देवघर नगर निगम चुनाव में बीजेपी समर्थित प्रत्याशी आगे
देवघर जिला के अंतर्गत देवघर नगर निगम से अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवार रीता चौरसिया ने बड़ी बढ़त बना ली है. ताजा रुझानों के अनुसार रीता चौरसिया अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से करीब 2300 मतों से आगे चल रही हैं. वहीं झारखंड मुक्ति मोर्चा समर्थित उम्मीदवार रवि राउत दूसरे स्थान पर बने हुए हैं. मतगणना के रुझान सामने आने के बाद भाजपा कार्यकर्ता उत्साहित हैं. जबकि झामुमो खेमे में मायूसी नजर आ रहीं हैं.
चतरा नगर परिषद अध्यक्ष की रेस में अमन कुमार की बढ़त
चतरा जिला के अंतर्गत चतरा नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए मतगणना जारी है. ताजा रुझानों के अनुसार अमन कुमार 1801 मतों के साथ सबसे आगे चल रहे हैं. दूसरे स्थान पर राजेश कुमार हैं जो 1479 मत प्राप्त कर उन्हें कड़ी टक्कर देते नजर आ रहे हैं. वहीं अताउर्रहमान (बाबू) 1355 मतों के साथ तीसरे स्थान पर बने हुए हैं. अन्य प्रत्याशियों में सुदेश कुमार को 919 मत मिले हैं, जबकि विद्या सागर आर्य को 286 और विरेंद्र दास को 281 मत प्राप्त हुए हैं. शेष प्रत्याशी सौ से कम मतों पर सिमटे हुए हैं. मतगणना के हर राउंड के साथ मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है.
झामुमो के बागी नेता गढ़वा नगर परिषद अध्यक्ष की रेस में आगे
गढ़वा जिला अंतर्गत नगर परिषद क्षेत्र से अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों की मतों की गिनती जारी है. निर्दलीय उम्मीदवार मासूम खान को अब तक कुल 2136 मत प्राप्त हुए हैं और वे अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी दौलत सोनी से 151 मतों के अंतर से आगे चल रहे हैं. दौलत सोनी को 1989 मत मिले हैं. वहीं, सत्ताधारी झारखंड मुक्ति मोर्चा के समर्थित प्रत्याशी संतोष केसरी 1551 मतों के साथ तीसरे स्थान पर हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी समर्थित कंचन जायसवाल 919 मतों के साथ चौथे स्थान पर बनी हुई हैं. पहले राउंड में कुल 8793 मत पड़े, जिनमें 561 मत रद्द किये गये और 8232 मत वैध पाये गये. बता दें कि मासूम खान झामुमो से बगावत कर चुनाव मैदान में उतरे हैं.
रांची नगर निगम चुनाव में पूर्व डिप्टी मेयर के भतीजे हारे
रांची नगर निगम के विभिन्न वार्डों के चुनाव परिणाम घोषित हो चुके हैं. घोषित नतीजों के अनुसार वार्ड संख्या 26 से प्रदीप कुमार, वार्ड 37 से परमेश्वर सिंह, वार्ड 2 से सबिता कच्छप, वार्ड 1 से नकुल तिर्की तथा वार्ड 19 से गीता कुमारी ने जीत दर्ज की है. वहीं वार्ड संख्या 25 से सुषमा राज, वार्ड 49 से जमिला खातून विजयी हुए हैं. वार्ड 48 से अमित मिंज ने पूर्व डिप्टी मेयर के भतीजे पियूष विजयवर्गीय को हराया है. चुनाव परिणाम सामने आते ही संबंधित वार्डों में समर्थकों के बीच जश्न का माहौल देखा गया. मतगणना की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी है.
गुमला नगर परिषद चुनाव में किस वार्ड से कौन जीते
गुमला जिला के अंतर्गत गुमला नगर परिषद के वार्ड संख्या 1 से 11 तक के चुनाव परिणाम घोषित कर दिये गये हैं. परिणाम सामने आते ही विजयी प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा गया. घोषित नतीजों के अनुसार वार्ड संख्या 1 से संज्ञियस तिर्की, वार्ड 2 से केके मिश्रा, वार्ड 3 से प्रवीण टोप्पो, वार्ड 4 से लखन राम और वार्ड 5 से साजिद मंजर विजयी घोषित किये गये हैं. वहीं वार्ड संख्या 6 से मधु मेरीना लकड़ा, वार्ड 7 से अनिल यादव, वार्ड 8 से जशवंत कौर, वार्ड 9 से जिशान अंसारी, वार्ड 10 से फैजान अंसारी तथा वार्ड 11 से जयराम इंदवार ने जीत दर्ज की है.
रांची नगर निगम के 3 वार्डों का परिणाम जारी
रांची नगर निगम के 3 वार्डों के चुनाव परिणाम घोषित कर दिये गये हैं. घोषित नतीजों के अनुसार वार्ड संख्या 19 से गीता कुमारी ने जीत दर्ज की है. वहीं वार्ड संख्या 26 से प्रदीप कुमार विजयी घोषित किये गये हैं. इसके अलावा वार्ड संख्या 37 से परमेश्वर सिंह ने अपने प्रतिद्वंद्वी को हराया है. फिलहाल अब भी कई वार्डों की गिनती जारी है.
खूंटी नगर पंचायत चुनाव में वार्ड 1 से 5 तक के परिणाम घोषित
खूंटी जिला में नगर पंचायत चुनाव के तहत वार्ड संख्या 1 से 5 तक पार्षद पद के चुनाव परिणाम घोषित कर दिये गये हैं. परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा गया. वार्ड संख्या 1 से दिनेश कुमार महतो, वार्ड संख्या 2 से सुमित्रा कुमारी, वार्ड संख्या 3 से दिनेश कुमार महतो, वार्ड संख्या 4 से हेमंती कुमारी और वार्ड संख्या 5 से अनीता टूटी ने जीत हासिल की है. सभी विजेता प्रत्याशियों को निर्वाचन अधिकारियों द्वारा जीत का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया. वहीं, नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मतगणना की प्रक्रिया जारी है. प्राप्त जानकारी के अनुसार अध्यक्ष पद की दौड़ में भाजपा समर्थित प्रत्याशी रानी टूटी अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों से आगे चल रही हैं.
चिरकुंडा नगर परिषद के कई वार्डों का परिणाम जारी
धनबाद जिला के अंतर्गत चिरकुंडा नगर परिषद अंतर्गत विभिन्न वार्डों के चुनाव परिणाम घोषित कर दिये गये हैं. चुनाव परिणाम सामने आते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला. वार्ड संख्या 12 से बुलटी देवी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 31 मतों से पराजित कर जीत दर्ज की. वहीं वार्ड संख्या 8 से नीलम देवी 9 वोटों के अंतर से विजयी रहीं. वार्ड संख्या 2 से भारती कुमारी, 11 से संजीव कुमार सिंह और वार्ड 17 से प्रतिमा बाउरी ने जीत हासिल की. इसके अलावा वार्ड संख्या 1 से साजदा खातून, वार्ड 16 से विजय यादव और वार्ड 3 से काशी साव विजयी घोषित किये गये. मतगणना की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी है.
गढ़वा नगर परिषद अध्यक्ष पद के प्रत्याशी दौलत सोनी आगे
गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र में अध्यक्ष पद के लिए चल रही मतगणना के बाद प्रथम राउंड के परिणाम सामने आ गये हैं. पहले राउंड की गिनती के बाद चुनावी मुकाबला काफी रोचक होता नजर आ रहा है. अब तक मिली जानकारी के अनुसार दौलत सोनी ने 2120 मत प्राप्त कर आगे चल रहे हैं. वहीं, कंचन जायसवाल को 919 वोट मिले हैं. बीजेपी समर्थित प्रत्याशी अलखनाथ पांडेय को 637 मतों से संतोष करना पड़ा है. जबकि झामुमो की बागी प्रत्याशी मासूम खान ने 1486 वोट हासिल कर मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है. जबकि झामुमो समर्थित प्रत्याशी संतोष केसरी को 1343 मत प्राप्त कर प्रतिद्वंदियों को कड़ी टक्कर दे रहे हैं. प्रथम राउंड के नतीजों के बाद गढ़वा में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गयी है. आगामी राउंड की गिनती को लेकर प्रत्याशी और समर्थक बेहद उत्सुक नजर आ रहे हैं.
मेदिनीनगर नगर निगम के कई वार्डों के परिणाम जारी
पलामू जिला अंतर्गत मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों के चुनाव परिणाम घोषित कर दिये गये हैं. परिणाम जारी होते ही शहर की सियासी तस्वीर धीरे धीरे साफ होते नजर आ रही है और विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में उत्साह देखा जा रहा है. अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या 1 से मंजू देवी ने जीत दर्ज की है. वार्ड संख्या 2 से सुनील राम को मतदाताओं का समर्थन मिला और वे विजयी घोषित किये गये. वहीं, वार्ड संख्या 3 से राहुल कुमार ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए सफलता हासिल की है, जबकि वार्ड संख्या 4 से बिंदिया देवी जीत मिली है. वार्ड संख्या 5 से नीरा देवी निर्विरोध निर्वाचित हुईं. वार्ड संख्या 6 से आशना पांडेय और 7 से रीता शुक्ला विजयी रहीं.
चतरा नगर परिषद के किस वार्ड से कौन जीते
चतरा नगर परिषद क्षेत्र के कई वार्डों के चुनाव परिणाम जारी कर दिये गये हैं. परिणाम घोषित होते ही शहर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गयी हैं. अब तक मिली जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या एक से राकेश कुमार ने जीत दर्ज की है. जबकि वार्ड संख्या दो से ऋतिका कुमारी (पति राजा सिन्हा) ने जीत हासिल की. वहीं, वार्ड संख्या तीन से मो नेहाल विजयी घोषित किये गये हैं. वार्ड संख्या चार में पार्वती देवी (पति अजय यादव) ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को पराजित किया. वार्ड संख्या पांच से रिंकू देवी (पति पिंटू सिंह) ने शानदार जीत दर्ज की है. इसी क्रम में वार्ड संख्या छह से दीपक कुमार वर्मा उर्फ दीपू वर्मा तथा वार्ड संख्या सात से पूनम कुमारी (पति सौरभ अग्रवाल) विजयी रहीं. चुनाव परिणाम सामने आने के बाद चतरा में विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच उत्साह का माहौल देखा गया. नवनिर्वाचित पार्षदों ने जनता का आभार जताते हुए क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देने की बात कही.
डोमचांच नगर पंचायत में वार्ड 1 से 7 तक गिनती पूरी
कोडरमा जिले के अंतर्गत डोमचांच नगर पंचायत में वार्ड संख्या 1 से 7 तक की मतगणना पूरी हो चुकी है. मतगणना के नतीजे सामने आने के बाद क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 1 से रंजीत साव ने जीत दर्ज की है. वार्ड नंबर 2 से सुनीता देवी को मतदाताओं का भरपूर समर्थन मिला और वे विजयी रहीं. वहीं वार्ड नंबर 3 से गुड़िया देवी ने सफलता हासिल कीं. वार्ड नंबर 4 में अजय साव विजयी घोषित किये गये हैं. हालांकि वार्ड नंबर 5 में किसी कारणवश चुनाव संपन्न नहीं हो सका. वार्ड नंबर 6 से शिवा सिंह ने जीत दर्ज की है, जबकि वार्ड नंबर 7 से मंजू देवी ने वार्ड पार्षद पद पर कब्जा जमाया है. चुनाव परिणाम के बाद डोमचांच क्षेत्र में विजयी प्रत्याशी के समर्थकों के बीच जश्न का माहौल देखा गया. नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों ने जनता का आभार जताते हुए क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देने की बात कही.
गढ़वा नगर परिषद के अध्यक्ष पद का रुझान आना शुरू
गढ़वा नगर परिषद के अध्यक्ष पद का रुझान आने शुरू हो गये हैं. शुरुआती रुझान में झामुमो से बगावत करके चुनाव लड़ रही मासूम खान आगे चल रही हैं. दूसरे स्थान पर बीजेपी समर्थित प्रत्याशी अलख नाथ पांडेय दूसरे स्थान पर हैं. तीसरे स्थान पर दौलत सोनी हैं. जबकि चौथे स्थान पर झामुमो के संतोष केशरी हैं.
कई वार्डों के चुनाव परिणाम जारी
गढ़वा नगर परिषद के विभिन्न वार्ड के चुनाव परिणाम जारी हो चुके हैं. अब तक मिली जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 5 से अंजू केसरी, वार्ड नंबर 7 से विनोद प्रसाद उर्फ करीमन बघेल, वार्ड नंबर 6 से घनश्याम उर्फ पुतूल, वार्ड नंबर 4 से हिरालाल गोंड़ वार्ड पार्षद का चुनाव जीत चुके हैं. वहीं, वार्ड नंबर 2 से गुलशन आरा ने जीत दर्ज की है.
इसे भी पढ़ें: निकाय चुनाव मतगणना से पहले सारंडा में नक्सलियों की साजिश नाकाम, सुरक्षा बलों ने आईईडी किया बरामद
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




