ब्रेकिंग न्यूज़ - बिना लेबल वाली शराब लदी ‘डाक पार्सल’ पिकअप पलटी, बोतलें लेकर भागे लोग
दुर्घटनाग्रस्त वाहन, लोगों के हाथों में शराब | Prabhat Khabar Network
फतेहपुर में डाक पार्सल लिखी पिकअप वैन पलटने से भारी मात्रा में बिना लेबल वाली शराब सड़क पर बिखरी, लोग बोतलें लेकर फरार हुए. पुलिस ने वाहन जब्त किया.
फतेहपुर से राजेश चौधरी की रिपोर्ट
आपके शहर में
फतेहपुर : सीमावर्ती खागा थाना क्षेत्र के धावा और चापुड़िया के बीच शनिवार देर रात शराब की बोतलों से लदी एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे के बाद वाहन में रखी शराब की बोतलें सड़क पर बिखर गईं. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कई लोग बोतलें लेकर चले गए.

पिकअप पर लिखा था ‘डाक पार्सल’
बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन पर ‘डाक पार्सल’ लिखा हुआ था. वहीं, वाहन में लदी शराब की बोतलों पर कोई लेबल नहीं लगा होने की बात सामने आ रही है. हादसे के बाद चालक समेत वाहन में सवार सभी लोग मौके से फरार हो गए.
पुलिस ने पिकअप को कब्जे में लिया
दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन का नंबर जेएच 10 सीएफ 2760 बताया गया है. सूचना मिलने के बाद खागा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को कब्जे में लेकर थाना ले गई.
शराब की खेप को लेकर उठ रहे सवाल
पिकअप पर ‘डाक पार्सल’ लिखा होने और उसमें बिना लेबल वाली शराब की बोतलें मिलने से मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं. स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि डाक पार्सल लिखे वाहन में शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था. चालक समेत सभी लोगों के मौके से फरार होने को लेकर भी चर्चाएं हैं.
वैध या अवैध, जांच के बाद होगा खुलासा
हालांकि, शराब की खेप वैध है या अवैध, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. जांच के बाद ही शराब की खेप और उसके परिवहन से जुड़ी वास्तविकता सामने आने की उम्मीद है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए