मिड-डे मील में लापरवाही पर डीसी सख्त, मेन्यु अनुसार भोजन नहीं मिला तो होगी कार्रवाई
डीसी आलोक कुमार | Prabhat Khabar Network
पीएम पोषण योजना के तहत बच्चों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता पर जामताड़ा के डीसी ने सख्त रवैया अपनाया है. मेन्यू के अनुसार पौष्टिक आहार न मिलने पर स्कूलों पर कार्रवाई की जाएगी. शत-प्रतिशत उपस्थिति और ड्रॉपआउट रोकने पर भी ज़ोर दिया गया.
जामताड़ा : समाहरणालय सभागार में डीसी आलोक कुमार की अध्यक्षता में पीएम पोषण योजना की जिला स्तरीय स्टीयरिंग सह मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक हुई. बैठक में योजना के संचालन और विद्यालयों में बच्चों को मिलने वाले भोजन की व्यवस्था की समीक्षा की गयी.
आपके शहर में
मेन्यु के अनुसार पौष्टिक भोजन देने का निर्देश
डीसी ने कहा कि पीएम पोषण योजना सरकार की महत्वपूर्ण योजना है, जिसका उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के साथ उचित पोषण उपलब्ध कराना है. उन्होंने निर्देश दिया कि बच्चों को मीनू के अनुसार पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए. योजना के संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी.
शत-प्रतिशत उपस्थिति और ड्रॉपआउट पर जोर
डीसी ने विद्यालयों में शत-प्रतिशत बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा ड्रॉपआउट बच्चों को जागरूक कर दोबारा स्कूल से जोड़ने का निर्देश दिया. साथ ही आवंटित खाद्यान्न का स्कूल स्टेप डिलीवरी के माध्यम से ससमय उठाव सुनिश्चित करने को कहा.
भोजन की गुणवत्ता जांचने का निर्देश
सभी बीईईओ और सीआरपी को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने तथा भोजन की गुणवत्ता की जांच के लिए उसका टेस्ट करने का निर्देश दिया गया. छात्रों को दी जाने वाली आईएफए और एल्बेंडाजॉल गोली को लेकर स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग से अलग-अलग रिपोर्ट मांगी गयी. गुरुगोष्ठी के दिन स्वास्थ्य कर्मियों की मौजूदगी में बच्चों को दवा का सेवन कराने का भी निर्देश दिया गया.
रसोइयों के मानदेय की हुई समीक्षा
बैठक में रसोइयों के लंबित मानदेय भुगतान की भी समीक्षा हुई. बताया गया कि राज्य स्तर से जून माह तक का मानदेय भुगतान किया जा चुका है.
एमडीएम बंद रहने पर जांच का निर्देश
जगुवाडीह प्राथमिक विद्यालय में एमडीएम बंद रहने के मामले को डीसी ने गंभीरता से लिया. उन्होंने जांच दल को शीघ्र रिपोर्ट सौंपने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
मौके पर डीडीसी असीम किस्पोट्टा, सिविल सर्जन डॉ. एसके मिश्र, डीइओ चार्ल्स हेंब्रम, डीएसई विकेश कुणाल प्रजापति समेत अन्य मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए