घर में आने वाली थी किलकारी,बारिश में गिरी दीवार ने छीन ली जिंदगी; जामताड़ा में आठ माह की गर्भवती महिला की मौत
बारिश में गिरी दीवार.
जामताड़ा के पन्दनी गांव में बारिश के कारण पड़ोसी की दीवार गिरने से आठ माह की गर्भवती महिला की मौत, पति गंभीर रूप से घायल .
निकेश कुमार, नारायणपुर. घर में कुछ ही दिनों बाद नये मेहमान के आने की खुशी थी. परिवार आने वाली किलकारी का इंतजार कर रहा था, लेकिन लगातार हो रही बारिश ने एक झटके में सारी खुशियां छीन लीं. नारायणपुर थाना क्षेत्र के पन्दनी गांव में मंगलवार की आधी रात पड़ोसी की दीवार एल्बेस्ट्स की छत वाले घर पर भरभरा कर गिर गयी. मलबे में दबने से आठ माह की गर्भवती लीलावती देवी (32) गंभीर रूप से घायल हो गयी. धनबाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. हादसे में उसका पति शंकर राय भी गंभीर रूप से घायल है और धनबाद में इलाजरत है.
आपके शहर में
बारिश के बीच अचानक भरभरा कर गिरी दीवार
जानकारी के अनुसार, पन्दनी गांव निवासी मजदूर शंकर राय अपनी पत्नी लीलावती देवी के साथ मंगलवार रात घर में सो रहे थे. इसी दौरान लगातार दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के बीच पड़ोसी कुलदीप मंडल की दीवार अचानक गिर गयी. दीवार सीधे एल्बेस्ट्स की छत वाले घर पर जा गिरी. इससे घर में सो रहे शंकर राय और लीलावती देवी मलबे में दब गये.
हादसे के बाद चीख-पुकार मच गयी. परिजन और ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद दोनों को मलबे से बाहर निकाला. इसके बाद दोनों को इलाज के लिए नारायणपुर स्थित निजी क्लिनिक ले जाया गया. हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया.
यह भी पढ़ें:
जामताड़ा में बारिश का कहर: डायवर्सन बना खतरा; कभी भी धंस सकती है सड़क
नये मेहमान के आने की खुशी मातम में बदली
लीलावती देवी आठ माह की गर्भवती थी. परिवार में जल्द ही नये मेहमान के आने की खुशी थी. घर में बच्चे के स्वागत की तैयारियों और उम्मीदों के बीच हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया. धनबाद में इलाज के दौरान लीलावती की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
परिजनों ने पड़ोसी पर लापरवाही का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि यदि दीवार मजबूत होती या समय रहते इसकी स्थिति पर ध्यान दिया जाता, तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था. परिजनों ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है.
मौके पर पहुंची पुलिस और राजस्व टीम
घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. वहीं हल्का कर्मचारी मिहिर सोरेन और राजस्व अमीन भी पीड़ित परिवार के घर पहुंचे. टीम ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ भूमि और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच-पड़ताल की.
प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की जानकारी जुटायी जा रही है. पुलिस और राजस्व टीम की जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए