जाति-आवासीय-आय प्रमाणपत्र के लिए लगी भीड़, SIR के बीच मुरलीपहाड़ी पंचायत भवन में हाथों-हाथ हुआ काम
सांकेतिक तस्वीर.
डाभाकेंद्र पंचायत भवन में आयोजित शिविर में ग्रामीणों को जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्र मौके पर ही उपलब्ध कराए गए. जानें पूरी जानकारी.
प्रतिनिधि, मुरलीपहाड़ी. मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) कार्य को लेकर बुधवार को डाभाकेंद्र पंचायत भवन में विशेष शिविर लगाया गया. एसआइआर के लिए जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे. अंचल निरीक्षक सौरव सुमन के नेतृत्व में लगे शिविर में जाति, आवासीय, आय समेत अन्य जरूरी प्रमाणपत्र ऑफलाइन प्रक्रिया के माध्यम से तैयार कर लाभुकों को हाथों-हाथ उपलब्ध कराये गये. पंचायत स्तर पर ही प्रमाणपत्र मिलने से ग्रामीणों को प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगाने से राहत मिली.
आपके शहर में
पंचायत स्तर पर ही तैयार किये गये जरूरी प्रमाणपत्र
अंचल निरीक्षक सौरव सुमन ने बताया कि एसआइआर कार्य के दौरान बड़ी संख्या में लोगों को जाति, आवासीय, आय समेत अन्य प्रमाणपत्रों की आवश्यकता पड़ रही है. ग्रामीणों को समय पर दस्तावेज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकार के निर्देश पर पंचायत स्तर पर शिविर लगाया गया है. शिविर में ऑफलाइन प्रक्रिया के तहत प्रमाणपत्र तैयार कर तत्काल लाभुकों को सौंपे गये.
मतदाता सूची से जुड़ी दावा-आपत्तियां भी सुनी गयीं
शिविर में प्रमाणपत्र बनाने के साथ मतदाता सूची से नाम हटने से संबंधित ग्रामीणों की दावा-आपत्तियां भी सुनी गयीं. कर्मियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें आवश्यक जानकारी दी. साथ ही दावा-आपत्ति के निपटारे की प्रक्रिया से भी ग्रामीणों को अवगत कराया गया.
ग्रामीणों ने पंचायत भवन में शिविर लगाकर प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने की व्यवस्था को सुविधाजनक बताया. उनका कहना था कि पंचायत स्तर पर ही जरूरी दस्तावेज मिलने से एसआइआर कार्य के लिए प्रमाणपत्र जुटाने में काफी सहूलियत हुई.
मौके पर कर्मचारी निरंजन मिश्रा, ग्राम प्रधान अरविंद ओझा, पंचायत सचिव पानेश्वर मरांडी, मुखिया प्रतिनिधि मंजर मोहली समेत अन्य मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए