जामताड़ा में बारिश का कहर: डायवर्सन बना खतरा; कभी भी धंस सकती है सड़क
दक्षिण बहाल जोरिया में बनाए डायवर्सन के नीचे खोखला हुआ सड़क | Prabhat Khabar Network
जामताड़ा में मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त किया. दक्षिणबहाल जोरिया का डायवर्सन खोखला, सड़क धंसने का खतरा. प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग.
प्रतिनिधि, जामताड़ा . जामताड़ा जिले में मंगलवार शाम से शुरू हुई मूसलाधार बारिश बुधवार सुबह तक जारी रही . लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है . जिले की छोटी-बड़ी नदियों और जोरियों का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है . कई नदियां उफान पर हैं, जिससे नदी किनारे बसे गांवों के लोगों की चिंता बढ़ गयी है .
आपके शहर में
बारिश का सबसे बड़ा असर दक्षिणबहाल जोरिया पर बने डायवर्सन पर देखने को मिला, जहां पानी ऊपर तक पहुंच गया . तेज बहाव के कारण डायवर्सन के नीचे की मिट्टी बह गयी और सड़क का एक हिस्सा अंदर से खोखला हो गया है . इससे डायवर्सन की मजबूती पर सवाल खड़े हो गये हैं और इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों के लिए खतरा बढ़ गया है .
डायवर्सन के नीचे से मिट्टी बही, खोखली हुई सड़क
दक्षिणबहाल जोरिया में बनाये गये डायवर्सन के ऊपर तक पानी पहुंचने के बाद तेज बहाव ने सड़क की नींव को नुकसान पहुंचाया है . स्थानीय लोगों के अनुसार, डायवर्सन में छोटा सा गार्डवाल नहीं बनाये जाने के कारण पानी का दबाव सीधे सड़क के नीचे की मिट्टी पर पड़ा . इसके बाद मिट्टी बह गयी और सड़क का एक हिस्सा अंदर से खोखला हो गया .
ग्रामीणों का कहना है कि यदि इस स्थिति में भी भारी वाहनों का आवागमन जारी रहा तो सड़क का कमजोर हिस्सा कभी भी धंस सकता है . इससे न केवल आवागमन बाधित होने की आशंका है, बल्कि किसी बड़े हादसे से भी इनकार नहीं किया जा सकता .
भारी वाहनों के गुजरने से बढ़ा खतरा
डायवर्सन की मौजूदा स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोग काफी चिंतित हैं . सड़क के नीचे से मिट्टी निकल जाने के कारण इसकी सतह ऊपर से भले ही सामान्य दिखाई दे, लेकिन अंदर से कमजोर हो चुकी है . ऐसे में लगातार बारिश और वाहनों के दबाव से सड़क धंसने का खतरा बना हुआ है .
लोगों ने प्रशासन से दक्षिणबहाल जोरिया के डायवर्सन का तत्काल निरीक्षण कराने और सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने की मांग की है . ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाये गये तो स्थिति और गंभीर हो सकती है .
ग्रामीण सड़कें कीचड़ में तब्दील, निचले इलाकों में जलजमाव
लगातार बारिश का असर ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों पर भी दिखा . कई ग्रामीण सड़कें कीचड़ से भर गयी हैं, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है . वहीं, जिले के कई निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है .
लगातार बारिश के कारण नदी-जोरियों का जलस्तर बढ़ने से आसपास के गांवों के लोगों की चिंता भी बढ़ गयी है . ग्रामीण संभावित जलभराव और आवागमन बाधित होने की आशंका को लेकर सतर्क हैं .
यह भी पढ़ें:
5 साल पुराना हादसा भी नहीं बना सबक: राजमहल फोरलेन किनारे फिर झूल रहा 440 वोल्ट का तार
शहर में भी बारिश का असर, कई जगह पानी जमा
मूसलाधार बारिश से जामताड़ा शहर भी अछूता नहीं रहा . सुभाष चौक रेलवे अंडरपास, स्टेशन रोड, गांधी मैदान समेत कई प्रमुख स्थानों पर बारिश का पानी जमा हो गया . इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा .
वहीं, शहर के नामुपारा मुहल्ले में बारिश के दौरान एक बाउंड्री भरभराकर गिर गयी . हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है . लगातार बारिश को देखते हुए शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की मुश्किलें बढ़ गयी हैं .
समय रहते नहीं संभाला तो बढ़ सकती है परेशानी
दक्षिणबहाल जोरिया के डायवर्सन की स्थिति ने प्रशासन के सामने तत्काल सुरक्षा व्यवस्था की जरूरत खड़ी कर दी है . पानी के तेज बहाव से सड़क के नीचे की मिट्टी बहने के बाद अब डायवर्सन की मजबूती पर सवाल उठ रहे हैं . स्थानीय लोगों की मांग है कि प्रशासन मौके का निरीक्षण कर कमजोर हिस्से को तत्काल दुरुस्त कराये और भारी वाहनों के आवागमन को लेकर जरूरी कदम उठाये, ताकि किसी संभावित हादसे को टाला जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए