5 साल पुराना हादसा भी नहीं बना सबक: राजमहल फोरलेन किनारे फिर झूल रहा 440 वोल्ट का तार
झुलता हुआ विधुत तार | Prabhat Khabar Network
राजमहल के मोकीमपुर में फोरलेन सड़क किनारे 440 वोल्ट के बिजली तार जमीन के करीब लटक रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में हादसे का डर बना हुआ है.
प्रतिनिधि, मंगलहाट . राजमहल प्रखंड क्षेत्र के मोकीमपुर पंचायत अंतर्गत शोभपुर-चंडीपुर गांवों के बीच फोरलेन सड़क किनारे झूल रहा 440 वोल्ट का बिजली तार इन दिनों ग्रामीणों और राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है . सड़क किनारे बिजली का तार जमीन से महज 2-3 फीट की ऊंचाई पर लटक रहा है . ऐसे में किसी वाहन के संपर्क में आने या राहगीर के इसकी चपेट में आने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है .
आपके शहर में
जिस जगह यह बिजली तार झूल रहा है, उसी फोरलेन सड़क से हर दिन हजारों लोग और बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है . ऐसे में सड़क किनारे इतनी कम ऊंचाई पर लटकता हाई वोल्टेज तार किसी अनहोनी को न्योता दे रहा है .
पशु चराने के दौरान कई लोगों को लग चुका है करंट
ग्रामीणों के अनुसार, झूलते बिजली तार की चपेट में आने से कई लोगों को पशु चराने के दौरान बिजली का झटका लग चुका है . इसके बावजूद तार को दुरुस्त करने की दिशा में अब तक ठोस पहल नहीं की गयी है .
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग को कई बार इस समस्या की जानकारी दी गयी, लेकिन शिकायत के बावजूद तार को व्यवस्थित नहीं किया गया . लोगों में इस बात को लेकर चिंता है कि यदि समय रहते बिजली तार को ठीक नहीं किया गया तो किसी दिन बड़ी घटना हो सकती है .
पांच साल पहले महिला की हो चुकी है मौत
झूलते बिजली तार का खतरा नया नहीं है . ग्रामीणों के अनुसार, करीब पांच वर्ष पूर्व बरसात के दौरान इसी गांव की एक महिला 440 वोल्ट बिजली तार की चपेट में आ गयी थी . करंट लगने से उसकी मौत हो गयी थी .
पुरानी घटना के बावजूद बिजली तार की मौजूदा स्थिति ग्रामीणों के लिए चिंता का कारण बनी हुई है . खासकर बरसात के मौसम में जमीन में नमी और सड़क किनारे लोगों की आवाजाही को देखते हुए खतरा और बढ़ जाता है .
फोरलेन पर हर दिन हजारों लोगों की आवाजाही
शोभपुर-चंडीपुर गांवों के बीच जिस स्थान पर बिजली तार झूल रहा है, वहां से फोरलेन सड़क गुजरती है . इस मार्ग पर हर दिन बड़ी संख्या में यात्री, ग्रामीण और वाहन चालक गुजरते हैं . सड़क किनारे महज कुछ फीट की ऊंचाई पर झूलता तार बड़े हादसे का कारण बन सकता है .
ग्रामीणों ने बिजली विभाग से तत्काल तार को ऊंचा करने और उसे सुरक्षित तरीके से दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके .
जेई ने कहा, जल्द दुरुस्त होगा तार
महाराजपुर सबस्टेशन के जेई नील गगन ने बताया कि बिजली कर्मियों को तार को दुरुस्त करने के लिए कहा गया है . उन्होंने कहा कि जल्द ही बिजली तार को ठीक कर दिया जाएगा .
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए