कलाई पर सजी राखी, रिश्तों में घुली मिठास; बिंदापाथर में धूमधाम से मना रक्षाबंधन
भाई की कलाई पर राखी बांधती बहन| Prabhat Khabar Network
बिंदापाथर में भाई-बहन के अटूट प्रेम का पर्व रक्षाबंधन हर्षोल्लास से मनाया गया. घरों में खुशियों का माहौल, बहनों ने बांधी राखी, भाइयों ने दिया उपहार.
प्रतिनिधि, बिंदापाथर :बिंदापाथर थाना क्षेत्र के बिंदापाथर समेत श्रीपुर, बांदो, खुटाबांध, गेड़िया, खैरा, पालोजोड़ी, मझलाडीह और महनाबांक सहित विभिन्न ग्रामीण इलाकों में शुक्रवार को भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का पर्व रक्षाबंधन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. सुबह से ही गांवों में त्योहार की रौनक देखने को मिली और घर-घर खुशियों का माहौल बना रहा.
आपके शहर में
पूजा-अर्चना के बाद बांधी राखी, मांगी भाइयों की लंबी उम्र
रक्षाबंधन पर बहनों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भाइयों के माथे पर तिलक लगाया और उनकी कलाई पर राखी बांधी. इसके बाद मिठाई खिलाकर भाइयों की सुख-समृद्धि, दीर्घायु और खुशहाल जीवन की कामना की. भाइयों ने भी बहनों की रक्षा और सम्मान का संकल्प लेते हुए उन्हें उपहार भेंट किए.
दूर रहने वाले भाई-बहन भी पहुंचे घर, बढ़ी पर्व की खुशी
रक्षाबंधन को लेकर दूर-दराज में रहने वाले कई भाई-बहन भी अपने घर पहुंचे. लंबे समय बाद परिवार के सदस्यों के एक साथ जुटने से गांवों में पारिवारिक मिलन का माहौल बन गया. बच्चों और युवाओं में भी पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला.
राखी-मिठाई की दुकानों पर उमड़ी भीड़
पर्व को लेकर स्थानीय बाजारों में भी चहल-पहल रही. रंग-बिरंगी राखियों और मिठाइयों की दुकानों पर लोगों की भीड़ लगी रही. बहनों ने भाइयों के लिए पसंद की राखियां खरीदीं, वहीं मिठाई और उपहारों की खरीदारी भी जमकर हुई.
दिनभर बहनों के हाथों से भाइयों की कलाई पर सजी राखियों और मिठाइयों की मिठास से पूरा क्षेत्र रक्षाबंधन के रंग में रंगा रहा. भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का यह पर्व ग्रामीण इलाकों में उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए