‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’! जामताड़ा में 28-30 अगस्त तक स्कूलों में होगा खेलों का महाकुंभ

Updated:
विज्ञापन

समग्र शिक्षा अभियान कार्यालय , जामताड़ा | Prabhat Khabar Network

जामताड़ा में 28-30 अगस्त तक राष्ट्रीय खेल दिवस पर स्कूलों में 'खेलेगा भारत, जीतेगा भारत' थीम पर कार्यक्रम. छात्र-शिक्षक मैत्री खेल और साइकिल रैली भी.

विज्ञापन

जामताड़ा. राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर राज्य के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में 28 से 30 अगस्त तक तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. शिक्षा विभाग ने इस संबंध में सभी जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षकों को आवश्यक निर्देश जारी किया है. तीन दिवसीय आयोजन ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ थीम पर होगा. इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल के प्रति रुचि बढ़ाने, फिटनेस को बढ़ावा देने तथा खेलों के माध्यम से अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली की संस्कृति विकसित करना है.

आपके शहर में

विज्ञापन

पहले दिन फिटनेस और कला गतिविधियों पर जोर

28 अगस्त को विद्यालयों में विभिन्न फिटनेस गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा. इसमें पुशअप, स्किपिंग और प्लैंक चैलेंज सहित अन्य शारीरिक गतिविधियां शामिल रहेंगी. इसके अलावा ‘पास द बॉल’ और ‘स्पोर्ट्स बंधन’ जैसी गतिविधियां भी कराई जाएंगी. विद्यार्थियों के लिए ‘खेल से स्वास्थ्य’ विषय पर स्लोगन, नारा एवं निबंध प्रतियोगिता आयोजित होगी.

इस दौरान योग, मास पीटी, मार्शल आर्ट, रस्साकशी और तीरंदाजी जैसे सांकेतिक एवं पारंपरिक खेलों का प्रदर्शन भी किया जाएगा. कार्यक्रम में मेजर ध्यानचंद को पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी. विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को मेजर ध्यानचंद के जीवन और उपलब्धियों से अवगत कराया जाएगा. स्वास्थ्य एवं खेल तथा खेल और जीवन में अनुशासन के महत्व पर संबोधन भी होगा.

29 अगस्त को विभिन्न आयु वर्गों के बीच होंगी प्रतियोगिताएं

29 अगस्त को खेल शपथ ग्रहण और हाउसवार मार्च पास्ट के बाद विभिन्न आयु वर्गों के विद्यार्थियों के लिए खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. कक्षा 1 से 5 के विद्यार्थियों के लिए 50 मीटर दौड़, बोरी दौड़, तीन टांग दौड़, चम्मच-गोली दौड़, कैरम आदि प्रतियोगिताएं होंगी.

कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों के लिए 100 मीटर एवं 200 मीटर दौड़, कबड्डी, खो-खो, शतरंज और टेबल टेनिस जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. वहीं, कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों के लिए 400 मीटर दौड़, फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, बैडमिंटन एवं वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं होंगी.

छात्र-शिक्षक मैत्री खेल भी होंगे आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम के दौरान छात्र-शिक्षक मैत्री खेल का भी आयोजन किया जाएगा. इसके तहत रस्साकशी, क्रिकेट, फुटबॉल एवं म्यूजिकल चेयर जैसी गतिविधियां कराई जाएंगी. विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को मेडल एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा.

30 अगस्त को निकलेगी ‘संडे ऑन साइकिल’ रैली

कार्यक्रम के अंतिम दिन 30 अगस्त को ‘Sundays on Cycle’ के तहत स्वास्थ्य केंद्रित साइकिल रैली का आयोजन किया जाएगा. इसका उद्देश्य विद्यार्थियों के साथ आम लोगों को भी फिटनेस, साइकिलिंग और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है. विभाग की ओर से भारत की खेल संस्कृति को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से इस दिन विशेष दौड़ आयोजित करने का भी निर्देश दिया गया है.

खेल सामग्री और सुरक्षा की व्यवस्था अनिवार्य

विभाग ने विद्यालयों को कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. विद्यालयों में खेल सामग्री, प्राथमिक उपचार, पेयजल एवं सुरक्षा की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करनी होगी. आयोजन की तस्वीरों के साथ संक्षिप्त प्रतिवेदन जिला शिक्षा परियोजना कार्यालय के माध्यम से राज्य परियोजना कार्यालय को भेजना होगा.

कार्यक्रम का सोशल मीडिया, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार करने का भी निर्देश दिया गया है.

अवकाश के दिन भी सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक खुले रहेंगे स्कूल

निर्देश के अनुसार 28 अगस्त और 30 अगस्त को अवकाश होने के बावजूद विद्यालय सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक खुले रहेंगे. इसी अवधि में निर्धारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी. अवकाश के दिन कार्य करने वाले शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों को नियमानुसार क्षतिपूरक अवकाश दिया जाएगा.

कार्यक्रम के सफल संचालन की पूरी जिम्मेदारी प्रधानाध्यापक/प्रभारी प्रधानाध्यापक, शारीरिक शिक्षा शिक्षक एवं नोडल शिक्षक की होगी.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola