वृद्धाश्रम में पहुंचे नन्हे मेहमान,बच्चों की मासूम बातों से खिल उठे बुजुर्गों के चेहरे
वृद्धा आश्रम में उपस्थित बच्चे व अन्य | Prabhat Khabar Network
जामताड़ा के बचपन प्ले स्कूल के बच्चों ने वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के साथ ग्रैंडपेरेंट्स डे मनाया और केक काटकर खुशियां बांटी.देखें पूरी खबर.
संवाददाता, जामताड़ा: कायस्थपाड़ा रोड स्थित बचपन प्ले स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने शुक्रवार को ग्रैंडपेरेंट्स डे को यादगार और संवेदनशील अंदाज में मनाया. विद्यालय परिवार की ओर से जामताड़ा स्थित वृद्धाश्रम में स्नेह मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान बच्चे बुजुर्गों के बीच पहुंचे, उनके साथ समय बिताया और आशीर्वाद लेकर रिश्तों की गर्माहट महसूस की.
बच्चों के साथ केक काटकर मनाया खुशी का पल
कार्यक्रम के दौरान बच्चों और बुजुर्गों ने मिलकर केक काटा. इसके बाद सभी के बीच बिस्कुट, मिक्चर और अन्य स्नैक्स वितरित किये गये.
बच्चों ने बुजुर्गों के सामने बाल गीत प्रस्तुत किये और उनसे बातचीत की. नन्हे बच्चों की मासूम बातें, हंसी और आत्मीय व्यवहार से वृद्धाश्रम का माहौल खुशनुमा हो गया.
बुजुर्गों ने बच्चों को दिया आशीर्वाद
कार्यक्रम में बच्चों ने बुजुर्गों के साथ कुछ समय बिताया और उनके अनुभवों को करीब से महसूस किया. बुजुर्गों ने भी बच्चों को खूब दुलार दिया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया.
बच्चों और बुजुर्गों के बीच बने इस आत्मीय रिश्ते ने कार्यक्रम को खास बना दिया. विद्यालय परिवार की इस पहल की मौजूद लोगों ने सराहना की.
बचपन से बुजुर्गों के सम्मान का संस्कार जरूरी
विद्यालय की काउंसलर स्नेहा रॉय ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में बचपन से ही बुजुर्गों के प्रति सम्मान, आत्मीयता और सेवा भाव विकसित करना है.
उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को पारिवारिक संस्कारों और बड़े-बुजुर्गों के सानिध्य के महत्व से जोड़ना जरूरी है. ऐसे कार्यक्रम बच्चों को संवेदनशील बनाने के साथ उन्हें रिश्तों और मानवीय मूल्यों की अहमियत भी समझाते हैं.
शिक्षिकाओं और प्रबंधन का रहा सहयोग
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की शिक्षिकाओं और प्रबंधन सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा. बच्चों और बुजुर्गों के बीच स्नेह और अपनापन बांटने वाला यह आयोजन सभी के लिए यादगार बन गया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए