जामताड़ा में दो दिन से झमाझम बारिश, 2 सितंबर को 125.80 मिमी वर्षापात; 24 घंटे गुल रही बिजली
बारिश से नदी उफान पर | Prabhat Khabar Network
जामताड़ा जिले में दो दिनों से जारी मूसलाधार बारिश ने कई इलाकों को जलमग्न कर दिया है. 2 सितंबर को सर्वाधिक 137.60 मिमी बारिश फतेहपुर में दर्ज की गई. लगातार बारिश से कोर्ट रोड फीडर में 24 घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही, जिससे लोगों को भारी परेशानी हुई.
जामताड़ा : जिले में मंगलवार से शुरू हुई बारिश बुधवार को भी जारी रही. दो दिनों से हो रही झमाझम बारिश से जिले के कई इलाके तर-बतर हो गये हैं. जिला सांख्यिकी कार्यालय की ओर से जारी दैनिक वर्षापात प्रतिवेदन के अनुसार 2 सितंबर को जिले में औसत 125.80 मिमी वर्षापात दर्ज किया गया. सितंबर माह का सामान्य वर्षापात 247.60 मिमी निर्धारित है.
आपके शहर में

फतेहपुर में सबसे अधिक 137.60 मिमी बारिश
2 सितंबर को जामताड़ा प्रखंड में 136.80 मिमी, नारायणपुर में 100.60 मिमी, नाला में 102.60 मिमी, कुंडहित में 107.20 मिमी, करमाटांड़ (विद्यासागर) में 110.40 मिमी तथा फतेहपुर में 137.60 मिमी वर्षापात रिकॉर्ड किया गया. फतेहपुर में जिले में सबसे अधिक 137.60 मिमी बारिश हुई, जबकि नारायणपुर में सबसे कम 100.60 मिमी वर्षापात दर्ज किया गया.
दो दिनों में कई प्रखंडों में 100 मिमी से अधिक बारिश
इससे पहले 1 सितंबर को जिले में औसत 26 मिमी बारिश हुई थी. दो दिनों के वर्षापात को मिलाकर जामताड़ा प्रखंड में 169.20 मिमी, नारायणपुर में 120.60 मिमी, नाला में 125.80 मिमी, कुंडहित में 118.60 मिमी तथा करमाटांड़ में 153.60 मिमी वर्षापात दर्ज किया गया.
लगातार बारिश से कई इलाकों में जलजमाव
दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण जिले के कई निचले इलाकों, सड़कों और गली-मोहल्लों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी है. इससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बारिश ने जहां मौसम को सुहाना कर दिया है, वहीं जलजमाव ने स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ा दी है.
कोर्ट रोड फीडर में 24 घंटे बिजली गुल
मंगलवार रात हुई मूसलाधार बारिश का असर बिजली आपूर्ति पर भी पड़ा. बारिश के कारण कोर्ट रोड फीडर में तकनीकी खराबी आने से मंगलवार शाम से बुधवार दिनभर करीब 24 घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही. लगातार बिजली गुल रहने से कोर्ट रोड सहित आसपास के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. बिजली नहीं रहने के कारण घरेलू कामकाज के साथ-साथ दुकानदारों और अन्य उपभोक्ताओं को भी दिक्कत हुई.
18 इंसुलेटर में आयी खराबी
विद्युत विभाग के ईई अभिषेक आनंद ने बताया कि खराब मौसम के कारण कोर्ट रोड फीडर में 18 इंसुलेटर में खराबी आ गयी थी. बुधवार दिन में बारिश रुकने के बाद विभाग की टीम ने खराब इंसुलेटर को रिस्टोर करने का काम शुरू किया. मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद बुधवार शाम करीब छह बजे कोर्ट रोड फीडर की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गयी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए