जामताड़ा में फरार आरोपी पर कोर्ट का शिकंजा, घर पर चिपकाया इश्तहार
सहरपूरा में घर पर चिपकाया इश्तहार . | Prabhat Khabar Network
जामताड़ा में फरार चल रहे सफाउल अंसारी के घर न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने इश्तहार चिपकाया है. यह कार्रवाई युवती और उसकी मां से मारपीट के मामले में की गई है. अदालत ने आरोपी को 28 सितंबर तक पेश होने का निर्देश दिया है.
संवाददाता, जामताड़ा. जामताड़ा में फरार चल रहे सहरपुरा निवासी सफाउल अंसारी के घर बुधवार को न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने इश्तहार चिपकाया. जामताड़ा थाना के एएसआई संतोष गोस्वामी पुलिस बल के साथ सहरपुरा पहुंचे और आरोपी के घर पर न्यायालय की ओर से जारी इश्तहार चस्पा किया.
पुलिस ने मौके पर मुखिया और आसपास के लोगों को भी न्यायालय के आदेश की जानकारी दी. गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बावजूद आरोपी के फरार रहने पर अदालत के आदेश के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की है.
युवती और उसकी मां से मारपीट का आरोप
मामला 11 फरवरी 2026 का है. नारायणपुर थाना क्षेत्र के शहरजोरी निवासी युवती किसी काम से जामताड़ा थाना आयी थी. लौटने के दौरान पोसोई मोड़ के पास कुछ लोगों ने ऑटो रुकवाकर उसके साथ मारपीट की.
आरोप है कि युवती का दुपट्टे से गला दबाने का प्रयास किया गया. उसे बचाने पहुंची उसकी मां के साथ भी मारपीट की गयी. इसके बाद आरोपितों ने युवती को जबरन बोलेरो में बैठाकर ले जाने का प्रयास किया.
दुकानदारों और राहगीरों ने बचाया
घटना के दौरान युवती और उसकी मां के शोर मचाने पर आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने हस्तक्षेप किया. लोगों के विरोध के बाद दोनों को बचाया जा सका.
युवती के आवेदन पर जामताड़ा थाना में मामला दर्ज किया गया.
चार लोगों के खिलाफ दर्ज है प्राथमिकी
जामताड़ा थाना में कांड संख्या 18/2026 के तहत सकीम अंसारी, सफाउल अंसारी, मुबारक अंसारी और गुलाम अंसारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. मामले में BNS की धारा 115(2), 126(2), 87, 62 एवं 3(5) के तहत कार्रवाई की गयी है.
मामले का अनुसंधान एएसआई संतोष गोस्वामी कर रहे हैं.
28 सितंबर को अदालत में पेश होने का आदेश
पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बावजूद सफाउल अंसारी फरार चल रहा था. इसके बाद सीजेएम, जामताड़ा की अदालत ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 84 के तहत उद्घोषणा जारी की है.
न्यायालय ने आरोपी को 28 सितंबर 2026 को अदालत में उपस्थित होने का निर्देश दिया है. पुलिस अब आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई में जुटी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए