नकाब पहनकर घर में घुसी महिला, बुजुर्ग की आंख में डाला स्प्रे और भागी, CCTV ने ऐसे खोला राज
CCTV में दिखीं महिला
जमशेदपुर में एक नकाबपोश महिला ने जुमे की नमाज के वक्त घर में घुसकर बुजुर्ग महिला पर हमला किया. आरोपी ने पीड़िता की आंख में मिर्च स्प्रे डालकर लूट की कोशिश की, लेकिन शोर मचने पर भाग गई. CCTV फुटेज ने आरोपी तक पहुंचने में अहम भूमिका निभाई.
जमशेदपुर: जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धतकीडीह बड़ी मस्जिद के पास अपार्टमेंट में बुजुर्ग महिला से लूट की कोशिश के मामले में पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लिया है. आरोपी महिला धतकीडीह इलाके की रहने वाली बतायी जा रही है. तकनीकी जांच और दर्जनों CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस उस तक पहुंची. फिलहाल महिला को गुप्त स्थान पर रखकर पूछताछ की जा रही है.
CCTV ने जोड़ा मदरसा से वारदात तक का पूरा रास्ता
पुलिस ने जांच के दौरान दर्जनों CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. इसमें आरोपी महिला मदरसा फैजुल उलूम के पास से गुजरती दिखाई दी. इसके बाद वह धतकीडीह मेन रोड स्थित शर्मा होटल के पास से होते हुए घटनास्थल की ओर जाती नजर आयी. वारदात के बाद भी उसे भागते हुए कैमरे में कैद किया गया.
CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस एक हरे रंग के मकान तक पहुंची, जिसके मुख्य दरवाजे का रंग भूरा है. फुटेज में आरोपी महिला को इसी मकान में प्रवेश करते हुए साफ देखा गया. इसके बाद पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की.
जुमे की नमाज के समय घर में घुसी महिला
घटना शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे की है. पीड़िता यास्मीन निगार के पति जुमे की नमाज के लिए मस्जिद गये थे. इसी दौरान नकाब पहने महिला चाबी से फ्लैट का ताला खोलकर अंदर दाखिल हुई. उसने यास्मीन निगार की आंख में पहले मिर्च पाउडर का घोल फेंका और इसके बाद किसी तेज असर वाले पदार्थ का स्प्रे सीधे उनकी आंखों में कर दिया.
महिला ने बुजुर्ग के हाथ से सोने की चूड़ियां छीनने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने विरोध करते हुए शोर मचा दिया. इसके बाद आरोपी महिला बिना लूट का सामान लिये वहां से भाग गयी.
स्प्रे के कारण यास्मीन निगार की बायीं आंख बुरी तरह प्रभावित हुई है और उनकी देखने की क्षमता काफी कम हो गयी है. बेहतर इलाज के लिए परिवार उन्हें कोलकाता के शंकर नेत्रालय ले जाने की तैयारी कर रहा है.
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी महिला को बुजुर्ग के घर में अकेले होने की सटीक जानकारी किसने दी थी. घर में डायलिसिस असिस्टेंट के अलावा अन्य कामकाजी महिलाएं भी आती-जाती थीं. ऐसे में पुलिस वारदात के पीछे किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका और पूरे नेटवर्क की कड़ी जोड़ने में जुटी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए