SUV से 330 लीटर अवैध देशी शराब जब्त, सिदगोड़ा के दो तस्कर गिरफ्तार
जब्त SUV
जमशेदपुर के जगन्नाथपुर मोड़ के पास पुलिस ने बोलेरो से 330 लीटर अवैध देशी शराब जब्त की है. इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस अब इस शराब तस्करी से जुड़े गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है.
जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर मोड़ के पास पुलिस ने शनिवार को काले रंग की बोलेरो से 330 लीटर अवैध देशी शराब जब्त की. पुलिस ने मौके से शराब की तस्करी में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में सिदगोड़ा ग्वाला बस्ती निवासी विकाश विशाल उर्फ छोटू (31) और कानु भट्ठा निवासी धीरेन तांती उर्फ पिंटू (40) शामिल हैं.
एसएसपी को मिली थी गुप्त सूचना

वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि जगन्नाथपुर मोड़ के रास्ते बोलेरो से अवैध देशी शराब की बड़ी खेप ले जायी जा रही है. सूचना के बाद नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसपी (विधि-व्यवस्था) सुमित कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल गठित किया गया. टीम ने जगन्नाथपुर मोड़ स्थित शिव मंदिर के पास सघन वाहन जांच शुरू की.
शनिवार दोपहर करीब 2:15 बजे पुलिस को काले रंग की एसयूवी जेएच-05 इडी-0736 आती दिखाई दी. पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर भागने लगा. जवानों ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया. वाहन की तलाशी लेने पर बीच और पीछे की सीटों पर 11 बोरों में रखी 330 लीटर अवैध देशी शराब बरामद हुई.

पुलिस ने 2 मोबाइल और 7,550 रुपये भी किये बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और 7,550 रुपये नकद भी बरामद किये. दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस अब शराब तस्करी से जुड़े गिरोह के अन्य लोगों की तलाश में जुटी है.
छापेमारी टीम में बागबेड़ा थाना प्रभारी उमेश ठाकुर समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए